एकतरफा प्यार में छात्रा पर बांके से हमला, गंभीर हालत में भर्ती
इंटरमीडिएट की परीक्षा देकर घर लौट रही 18 वर्षीय छात्रा पर शादी से इनकार करने से नाराज युवक ने दिनदहाड़े बांके से जानलेवा हमला कर दिया।
हरदोई से सुनील कुमार की रिपोर्ट —
हरदोई/जनमत न्यूज। जनपद में एकतरफा प्यार का सनकीपन खूनी वारदात में बदल गया। इंटरमीडिएट की परीक्षा देकर घर लौट रही 18 वर्षीय छात्रा पर शादी से इनकार करने से नाराज युवक ने दिनदहाड़े बांके से जानलेवा हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल छात्रा को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है।
घटना लोनार थाना क्षेत्र के एक गांव की बताई जा रही है। परिजनों के अनुसार छात्रा सोमवार को इंटरमीडिएट की परीक्षा देने कॉलेज गई थी और अपनी सहेली के साथ बाइक से वापस लौट रही थी। इसी दौरान रास्ते में पहले से घात लगाए बैठे आरोपी ने अचानक हमला कर दिया। आरोपी ने छात्रा के सिर पर ताबड़तोड़ वार किए, जिससे वह लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़ी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
परिजनों का आरोप है कि असलापुर गांव निवासी पंकज लंबे समय से छात्रा पर शादी का दबाव बना रहा था। छात्रा द्वारा इनकार किए जाने के बाद वह उसका पीछा कर रहा था और उसे परेशान कर रहा था। परिवार का कहना है कि इस संबंध में सोमवार को कोतवाली लोनार में लिखित शिकायत भी दी गई थी, लेकिन पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया।
हमले के बाद पुलिस हरकत में आई और अस्पताल पहुंचकर पीड़िता के बयान दर्ज किए। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दबिश दी जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। साथ ही पूर्व में दी गई शिकायत पर कार्रवाई न होने के आरोपों की भी जांच की जाएगी।
इस घटना के बाद जिले में महिला सुरक्षा और पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों ने दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

Janmat News 
