करंट से युवक की मौत पर गरमाए विधायक ने दी अधिकारियों को चेतावनी
भाजपा विधायक कैलाश राजपूत ने संबंधित अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाते हुए सख्त चेतावनी दी है।
कन्नौज से अश्वनी पाठक की रिपोर्ट —
कन्नौज/जनमत न्यूज। जनपद के इंदरगढ़ थाना क्षेत्र के चंदौआ गांव में करंट लगने से युवक की मौत के बाद सियासी और प्रशासनिक हलचल तेज हो गई है। मामले को लेकर भाजपा विधायक कैलाश राजपूत ने संबंधित अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाते हुए सख्त चेतावनी दी है। उनका अधिकारियों को फटकार लगाते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
बताया जा रहा है कि युवक की मौत के बाद परिजनों की ओर से दी गई तहरीर को बदलवाने का आरोप सामने आया, जिस पर विधायक ने इंदरगढ़ थानाध्यक्ष को जमकर फटकार लगाई। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि मामले में लापरवाही या लीपापोती की गई तो इसकी शिकायत सीधे पुलिस अधीक्षक से की जाएगी। विधायक ने कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय मिलना चाहिए और दोषियों पर कार्रवाई होनी चाहिए।
इस दौरान विधायक ने तिर्वा क्षेत्र के विद्युत विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों और एसडीओ को भी आड़े हाथों लिया। उन्होंने विद्युत विभाग की लापरवाही को युवक की मौत का कारण बताते हुए व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए। विधायक ने कड़े शब्दों में कहा, “गलत करोगे तो रह नहीं पाओगे” और “व्यवस्थाएं ठीक करो या फिर अपने कपड़े अटैची में भर लो।”
घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों का आरोप है कि विद्युत व्यवस्था में लगातार लापरवाही बरती जा रही है, जिससे हादसों की आशंका बनी रहती है। विधायक ने अधिकारियों को स्पष्ट अल्टीमेटम देते हुए कहा कि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों, इसके लिए ठोस कदम उठाए जाएं।
फिलहाल प्रशासन मामले की जांच में जुटा है और युवक की मौत के कारणों की पड़ताल की जा रही है। विधायक के सख्त रुख के बाद संबंधित विभागों में हलचल तेज हो गई है।

Janmat News 
