हरदोई में ई-रिक्शा पर एनाउंसमेंट कर बेची 20 रुपये किलो चीनी, प्याज की माला पहनकर जताया विरोध

उप्र के हरदोई जनपद में समाजवादी पार्टी की व्यापार सभा के प्रदेश सचिव रामज्ञान गुप्ता ने ई-रिक्शा पर एनाउंसमेंट कराकर गुप्ता कॉलोनी और नई बस्ती में 20 रुपये प्रति किलो की दर से चीनी बेंची।

हरदोई में ई-रिक्शा पर एनाउंसमेंट कर बेची 20 रुपये किलो चीनी, प्याज की माला पहनकर जताया विरोध
Published By- Diwaker Mishra

हरदोई से सुनील कुमार की रिपोर्ट

हरदोई/जनमत न्यूज़। उप्र के हरदोई जनपद में समाजवादी पार्टी की व्यापार सभा के प्रदेश सचिव रामज्ञान गुप्ता ने ई-रिक्शा पर एनाउंसमेंट कराकर गुप्ता कॉलोनी और नई बस्ती में 20 रुपये प्रति किलो की दर से चीनी बेंची। इस दौरान सपा नेताओं ने गले में प्याज की माला पहनकर सरकार की नीतियों के खिलाफ विरोध जताया।

20 रुपये किलो चीनी बेचने वाले सपा नेता रामज्ञान गुप्ता ने कहा कि रक्षाबंधन मिठास और भाई-बहन के प्रेम का त्योहार है लेकिन महंगी चीनी के चलते गरीब परिवार त्योहार का आनंद नहीं उठा पा रहे हैं।

उन्होंने दावा किया कि बाजार में चीनी करीब 70 रुपये किलो बिक रही है वहीं प्याज के दाम भी बढ़ने से आम आदमी की रसोई का बजट बिगड़ गया है।

सपा नेता के मुताबिक करीब आठ दिन पहले बीस रुपये किलो बिकने वाला प्याज अब 60 रुपये किलो तक पहुंच गया है।उन्होंने कहा कि जिस गन्ने से चीनी तैयार होती है किसान को उसकी उपज का बेहतर दाम मिलना चाहिए।

उन्होंने गन्ने का भाव 1000 रुपये प्रति क्विंटल करने की मांग रखी। सपा नेता ने आरोप लगाया कि सरकार की नीतियों से पूंजीपतियों को लाभ मिल रहा है, जबकि गरीब, किसान, नौजवान, छात्र और व्यापारी परेशान हैं।

कार्यक्रम में सपा की ओर से 250 पैकेट चीनी बेंचे जाने का दावा किया गया है।सपा नेताओ ने कहा कि रक्षाबंधन तक अन्य मोहल्लों में भी महिलाओं को इसी दर से चीनी बांटी जाएगी।