मुंबई जाते समय रायबरेली का युवक लापता, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
युवक के अचानक लापता होने से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी को संदीप कुमार के बारे में कोई जानकारी मिले तो तत्काल कोतवाली नगर पुलिस रायबरेली को सूचित करें।
रायबरेली से महाताब खान की रिपोर्ट —
रायबरेली/जनमत न्यूज। शहर क्षेत्र के प्रकाश नगर निवासी 27 वर्षीय संदीप कुमार 24 मई को मुंबई जाने के लिए घर से निकले थे, लेकिन अभी तक अपने गंतव्य तक नहीं पहुंच सके हैं। युवक के लापता होने से परिवार में चिंता और मातम का माहौल बना हुआ है। परिजनों ने मामले की शिकायत कोतवाली नगर थाना में दर्ज कराई है, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
परिजनों के मुताबिक संदीप कुमार अपने साले अजीत कुमार के पास मुंबई के पनवेल जा रहे थे। जब परिवार ने अजीत कुमार से संपर्क किया तो उन्होंने बताया कि संदीप अभी तक उनके पास नहीं पहुंचे हैं।
पुलिस द्वारा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई, जिसमें संदीप बस स्टैंड पर दिखाई दिए हैं। इसके बाद से उनका कोई सुराग नहीं लग पाया है। पुलिस युवक की तलाश में जुटी हुई है और संभावित स्थानों पर जांच की जा रही है।
युवक के अचानक लापता होने से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी को संदीप कुमार के बारे में कोई जानकारी मिले तो तत्काल कोतवाली नगर पुलिस रायबरेली को सूचित करें।

Janmat News 