अयोध्या में धूमधाम से मनाई गई लौहपुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती, पटेल भवन के मुख्य द्वार का हुआ लोकार्पण
पटेल भवन के मुख्य द्वार का लोकार्पण गोसाईगंज विधायक अभय सिंह द्वारा किया गया
अयोध्या/जनमत न्यूज। दर्शन नगर रोड स्थित आशापुर के पटेल भवन परिसर में पटेल प्रगति समिति के बैनर तले भारत रत्न लौहपुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती बड़े ही हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ मनाई गई। कार्यक्रम का शुभारंभ सरदार पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण और पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया।
इस अवसर पर पटेल भवन के मुख्य द्वार का लोकार्पण गोसाईगंज विधायक अभय सिंह द्वारा किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. कैलाश प्रताप वर्मा (सेवानिवृत्त एमडी, हथकरघा), समारोह अध्यक्ष डॉ. आर. के. पी. सिंह (सेवानिवृत्त वरिष्ठ चिकित्सक) तथा अति विशिष्ट अतिथि के रूप में गोसाईगंज विधायक अभय सिंह, रुदौली विधायक रामचंद्र यादव, डॉ. ओमप्रकाश चौधरी, और विशिष्ट अतिथि राजेश कुमार वर्मा उपस्थित रहे।
सभी अतिथियों का स्वागत पटेल प्रगति समिति के पदाधिकारियों ने माला व बुके भेंट कर किया। कार्यक्रम में स्थानीय विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने संस्कृत गीत और रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से अतिथियों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहे देश के प्रसिद्ध जादूगर राठी जी, जिन्होंने अपने अद्भुत जादू के करतबों से दर्शकों को रोमांचित कर दिया।
इस अवसर पर पटेल प्रगति समिति युवा मोर्चा महानगर अध्यक्ष एवं मीडिया प्रभारी डॉ. एम.पी. वर्मा ने बताया कि समिति हर वर्ष सरदार पटेल की जयंती को एक प्रेरणादायक आयोजन के रूप में मनाती है। उन्होंने कहा कि समिति ने प्रशासन से अयोध्या के एक प्रमुख चौराहे का नाम सरदार वल्लभभाई पटेल के नाम पर रखने और उनकी प्रतिमा स्थापित करने की मांग दोहराई है।
कार्यक्रम में शहर के अनेक गणमान्य नागरिक, समाजसेवी और समिति के सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में लौहपुरुष सरदार पटेल के आदर्शों पर चलने और समाज में एकता, सेवा व राष्ट्रभक्ति के संकल्प को दोहराया।


