सड़क किनारे मिला अज्ञात युवक का शव, गला घोंटकर हत्या की आशंका से क्षेत्र में हड़कंप

शव की जांच में मृतक के दाहिने हाथ की कलाई पर ‘विक्रम’ नाम का टैटू तथा बाएं हाथ पर ‘ओम’ का टैटू गुदा हुआ पाया गया। मृतक की उम्र करीब 30 वर्ष के आसपास बताई जा रही है।

सड़क किनारे मिला अज्ञात युवक का शव, गला घोंटकर हत्या की आशंका से क्षेत्र में हड़कंप
PUBLISHED BY - MANOJ KUMAR

फर्रुखाबाद से वरूण दूबे की रिपोर्ट —

फर्रुखाबाद/जनमत न्यूज। जनपद फर्रुखाबाद के मोहम्मदाबाद थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम नगला जम्पत मार्ग पर बहादुर नगला अंदर के पास एक अज्ञात युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंची, वहीं कुछ ही देर में उच्चाधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंच गए। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार शुक्रवार सुबह करीब 6 बजे शौच के लिए जा रहे दलवीर सिंह के पुत्र सुमित कुमार ने सड़क पर एक अज्ञात युवक का शव पड़ा देखा। शव देखकर सुमित भयभीत हो गया और उसने तुरंत डायल 112 पर सूचना दी। डायल 112 पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक को घटना की जानकारी दी।

सूचना पर एएसपी अरुण कुमार, डीएसपी अजय वर्मा और कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार शुक्ला भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। शव की जांच में मृतक के दाहिने हाथ की कलाई पर ‘विक्रम’ नाम का टैटू तथा बाएं हाथ पर ‘ओम’ का टैटू गुदा हुआ पाया गया। मृतक की उम्र करीब 30 वर्ष के आसपास बताई जा रही है।

मृतक ने फिरोजी रंग की जॉकी का अंडरवियर, हल्के गुलाबी व काले रंग का चेकदार स्वेटर, काली-सफेद लाइन की गर्म टी-शर्ट, सफेद-ग्रे लाइनिंग की शर्ट, बदामी रंग की पैंट और ब्राउन रंग की बेल्ट पहन रखी थी। एक पैर में काला जूता (एयर 9) पाया गया। जांच के दौरान मृतक की गर्दन पर रस्सी या तार से गला घोंटने जैसा काला निशान मिला, वहीं मुंह से खून निकलने के भी निशान पाए गए।

घटना की गंभीरता को देखते हुए मौके पर फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया, जिसने साक्ष्य एकत्र किए। फॉरेंसिक जांच में शव को घसीटने या किसी वाहन से लाकर फेंके जाने के संकेत भी मिले हैं। इससे आशंका जताई जा रही है कि युवक की हत्या कहीं और कर शव को यहां लाकर फेंका गया है।

एएसपी अरुण कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। शव की पहचान के लिए जिले के सभी थानों और प्रधानों के ग्रुप में मृतक की फोटो साझा की गई है। वहीं चौकी प्रभारी यतेंद्र सिंह ने शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।

डीएसपी अजय वर्मा ने कोतवाली प्रभारी निरीक्षक को निर्देश दिए कि कोहरा कम होने के बाद दोबारा मौके की गहन जांच कर अतिरिक्त साक्ष्य एकत्र किए जाएं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पहचान के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।