प्रतापगढ़ में जीजा ने साले को मारी गोली, हालत गंभीर; पुलिस हिरासत में आरोपी
उप्र के प्रतापगढ़ जनपद के कोहंडौर थाना क्षेत्र के मदाफरपुर बाजार में मंगलवार को दिनदहाड़े पारिवारिक विवाद के चलते एक जीजा ने अपने साले को गोली मार दी।
प्रतापगढ़ से विकास गुप्ता की रिपोर्ट
प्रतापगढ़/जनमत न्यूज़। उप्र के प्रतापगढ़ जनपद के कोहंडौर थाना क्षेत्र के मदाफरपुर बाजार में मंगलवार को दिनदहाड़े पारिवारिक विवाद के चलते एक जीजा ने अपने साले को गोली मार दी। गोली लगने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल की पहचान देवेंद्र यादव के रूप में हुई है, जिसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, देवेंद्र यादव मदाफरपुर बाजार में मेडिकल स्टोर चलाता है। मंगलवार को वह अपने मेडिकल स्टोर पर मौजूद था। इसी दौरान उसका जीजा वहां पहुंचा और किसी बात को लेकर विवाद के बाद उस पर गोली चला दी। गोली लगते ही बाजार में अफरा-तफरी मच गई।
घटना के बाद आरोपी मौके से भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन बाजारवासियों ने उसे पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। सूचना मिलते ही कोहंडौर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी।
कोहंडौर थाना प्रभारी अनुपम त्रिपाठी ने बताया कि युवक को गोली लगी है और उसकी हालत गंभीर है। घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रारंभिक जांच में घटना के पीछे पारिवारिक विवाद की बात सामने आ रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।







