हरदोई में आभूषण प्रतिष्ठान पर टप्पेबाजी, नकाबपोश महिला और साथी ने उड़ाई सोने की जंजीर; CCTV आया सामने
उप्र के हरदोई जनपद के बिलग्राम नगर के व्यस्त सदर बाजार स्थित प्रसिद्ध आभूषण प्रतिष्ठान कपूर ज्वैलर्स में टप्पेबाजी का मामला सामने आया है।
हरदोई से सुनील कुमार की रिपोर्ट
हरदोई/जनमत न्यूज़। उप्र के हरदोई जनपद के बिलग्राम नगर के व्यस्त सदर बाजार स्थित प्रसिद्ध आभूषण प्रतिष्ठान कपूर ज्वैलर्स में टप्पेबाजी का मामला सामने आया है। यहां खरीदारी के बहाने पहुंचे नकाबपोश महिला और उसके पुरुष साथी ने दुकानदार की नजर बचाकर करीब 40 से 50 हजार रुपये कीमत की सोने की जंजीर पार कर दी। वारदात के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना की जानकारी मिलने के बाद इलाके के व्यापारियों में चिंता का माहौल है वही पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।
कपूर ज्वैलर्स के दुकान मालिक गोपाल कपूर के मुताबिक,घटना शाम के समय की है। उनकी दुकान पर एक नकाबपोश महिला अपने पुरुष साथी के साथ ग्राहक बनकर पहुंची। दोनों ने उनसे सोने की जंजीर दिखाने को कहा।
दुकानदार ने जब उन्हें जंजीरें दिखानी शुरू कीं, तभी आरोपियों ने कथित तौर पर चालाकी से करीब तीन से चार ग्राम वजन की एक सोने की जंजीर पर हाथ साफ कर दिया।इसकी कीमत लगभग 40 से 50 हजार रुपये बताई जा रही है।
दुकानदार को जब जंजीर गायब होने का पता चला, तो उन्होंने मामले की जानकारी स्थानीय पुलिस और प्रशासन को दी। घटना के बाद बाजार में इस वारदात को लेकर चर्चा शुरू हो गई।
व्यापारियों ने भी बाजार में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की जरूरत जताई है। पीड़ित दुकानदार गोपाल कपूर ने प्रशासन से मामले का संज्ञान लेकर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने और चोरी गई सोने की जंजीर बरामद कराने की मांग की है।
उनका कहना है कि इस तरह की घटनाओं से व्यापारियों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है और बाजार में असुरक्षा की भावना बढ़ती है फिलहाल पुलिस पूरे मामले में सीसीटीवी फुटेज और तहरीर के आधार पर अग्रिम विधिक करवाई में जुटी हुई है।



