हरदोई में घने कोहरे में तीन पिकअप की हुई भिड़ंत, तीन चालक गंभीर रूप से घायल
लखनऊ–हरदोई मार्ग पर कछौना थाना क्षेत्र के इंडस्ट्रियल एरिया के पास सुबह करीब तीन पिकअप वाहन लकड़ी लेकर हरदोई की ओर जा रहे थे।
हरदोई से सुनील कुमार की रिपोर्ट —
हरदोई/जनमत न्यूज। जनपद हरदोई में सुबह घने कोहरे के बीच एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसमें तीन पिकअप वाहन एक के पीछे एक टकरा गए। हादसे में तीनों पिकअप के चालक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भेजा गया। हादसे का प्रमुख कारण तेज रफ्तार और कोहरे के कारण दृश्यता का बेहद कम होना बताया जा रहा है।
लखनऊ–हरदोई मार्ग पर कछौना थाना क्षेत्र के इंडस्ट्रियल एरिया के पास सुबह करीब तीन पिकअप वाहन लकड़ी लेकर हरदोई की ओर जा रहे थे। इसी दौरान अचानक आगे चल रही पिकअप धीमी हो गई। घने कोहरे के कारण पीछे से आ रही दोनों पिकअप के चालक सामने का वाहन देख नहीं पाए और एक के बाद एक जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहनों के परखच्चे उड़ गए।
एक पिकअप का चालक केबिन में बुरी तरह फंस गया, जिसे स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से दरवाजा काटकर बाहर निकाला गया। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। तीनों घायलों को स्थानीय लोगों द्वारा सीएचसी पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
हादसे के बाद सड़क पर लंबा जाम लग गया, जिसे पुलिस ने नियंत्रित किया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि सुबह के समय क्षेत्र में कोहरा इतना घना था कि आगे कुछ भी दिखाई नहीं दे रहा था। इसी वजह से वाहन चालक स्थिति को समझ नहीं पाए और यह श्रृंखलाबद्ध दुर्घटना हो गई।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार घायल चालकों में से एक आजम पुत्र जालिम अली, निवासी छोटी कसमंडी खुर्द, मलिहाबाद (लखनऊ), भी शामिल है, जो लकड़ी लेकर हरदोई जा रहा था। पुलिस घायलों की पहचान कर आगे की कार्रवाई में जुटी है।

Janmat News 
