मिर्जापुर से आनंद तिवारी की रिपोर्ट —
मिर्जापुर/जनमत न्यूज। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल गुरुवार को मिर्जापुर जनपद के दौरे पर पहुंचीं। उन्होंने मड़िहान तहसील क्षेत्र के देवरी गांव स्थित निर्माणाधीन मां विंध्यवासिनी विश्वविद्यालय परिसर का भौतिक निरीक्षण किया और निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान विश्वविद्यालय की कुलपति प्रोफेसर शोभा गौड़ ने राज्यपाल को शैक्षणिक गतिविधियों, संबद्ध महाविद्यालयों और निर्माण कार्यों की स्थिति से अवगत कराया। राज्यपाल ने परिसर में पौधरोपण किया तथा अध्ययनरत छात्रों को बैग वितरित किए।
ज्ञात हो कि मड़िहान तहसील क्षेत्र में प्रदेश सरकार द्वारा मां विंध्यवासिनी विश्वविद्यालय की स्थापना की गई है। इसका ऑनलाइन उद्घाटन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा किया गया था। प्रारंभिक चरण में दो कमरों में रजिस्ट्रार कार्यालय बनाकर शैक्षणिक सेवाएं शुरू की गई थीं। प्रथम रजिस्ट्रार के रूप में डॉ. विश्राम यादव को नियुक्त किया गया था।
विंध्याचल मंडल के कुल 171 महाविद्यालयों को इस विश्वविद्यालय से संबद्ध किया गया है। वर्तमान में विश्वविद्यालय भवन का निर्माण कार्य प्रगति पर है। राज्यपाल ने निर्माण की गुणवत्ता और गति पर संतोष जताते हुए विश्वविद्यालय को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक सुझाव भी दिए।
इस अवसर पर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री आशीष पटेल, मड़िहान विधायक रमाशंकर पटेल, जिला सहकारी बैंक चेयरमैन डॉ. जगदीश सिंह पटेल सहित अन्य जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
कैबिनेट मंत्री आशीष पटेल ने बताया कि राज्यपाल ने विश्वविद्यालय के समग्र विकास, शैक्षणिक गुणवत्ता और भविष्य की योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की। विश्वविद्यालय को उच्च शिक्षा का मजबूत केंद्र बनाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है।