अयोध्या में शानो-शौकत से निकला कदीमी जुलूस-ए-मोहम्मदी, जगह-जगह हुआ भव्य स्वागत

उप्र की राम नगरी अयोध्या मे ईद-ए-मिलादुन्नबी के मुबारक मौके पर हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी पैगंबर-ए-इस्लाम हजरत मोहम्मद साहब के जन्मदिन की खुशी में कदीमी जुलूस-ए-मोहम्मदी शानो-शौकत के साथ निकाला गया।

अयोध्या में शानो-शौकत से निकला कदीमी जुलूस-ए-मोहम्मदी, जगह-जगह हुआ भव्य स्वागत
Published By- Diwaker Mishra

अयोध्या से आज़म खान की रिपोर्ट

​अयोध्या/जनमत न्यूज़। उप्र की राम नगरी अयोध्या मे ईद-ए-मिलादुन्नबी के मुबारक मौके पर हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी पैगंबर-ए-इस्लाम हजरत मोहम्मद साहब के जन्मदिन की खुशी में कदीमी जुलूस-ए-मोहम्मदी शानो-शौकत के साथ निकाला गया।

जुलूस बक्सरिया टोला स्थित आस्ताने से शुरू होकर बिजली शहीद मजार पहुंचकर संपन्न हुआ। जुलूस में अखाड़ों के साथ करीब एक दर्जन नातिया अंजुमनों ने शिरकत की।

अंजुमनों ने नात-ए-पाक पेश कर पैगंबर-ए-इस्लाम हजरत मोहम्मद साहब की शान में अपनी अकीदत का इजहार किया। जुलूस के दौरान जगह-जगह लोगों ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। कई स्थानों पर स्टॉल लगाकर लंगर का भी आयोजन किया गया, जहां लोगों को प्रसाद वितरित किया गया।

अशर्फी भवन के पास सर्वधर्म सम्मान सेवा समिति की ओर से नातिया मुकाबले का आयोजन किया गया। इसमें विभिन्न नातिया अंजुमनों ने हिस्सा लिया। बेहतर प्रदर्शन करने वाली अंजुमनों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

वहीं समाजसेवी एवं संरक्षक मोहम्मद इरफान उर्फ नन्हे मियां ने भी जुलूस का गर्मजोशी से स्वागत किया। उन्होंने अंजुमनों के सदस्यों को माला पहनाकर सम्मानित किया और पुरस्कार देकर उनकी हौसला-अफजाई की।

इस दौरान उन्होंने सभी लोगों को ईद-ए-मिलादुन्नबी की मुबारकबाद देते हुए पैगंबर-ए-इस्लाम हजरत मोहम्मद साहब के बताए रास्ते पर चलने तथा इंसानियत, आपसी भाईचारे और मोहब्बत के साथ रहने का संदेश दिया। वही दोराही कुआं पर न्यू स्टाइल ट्रेडर्स के अब्दुल वाहिद कुरैशी की ओर से लंगर का आयोजन कर जुलूस का इस्तकबाल किया गया।

इस मौके पर अब्दुल वाहिद कुरैशी ने कहा कि अयोध्या की सरजमीं हमेशा से गंगा-जमुनी तहजीब और आपसी भाईचारे की मिसाल रही है। उन्होंने कहा कि अयोध्या को छोटा काबा कहा जाता है और यहां एक दिन पहले जश्न मनाने की परंपरा इसी धार्मिक और सामाजिक जुड़ाव का प्रतीक है।

उन्होंने कहा कि जुलूस-ए-मोहम्मदी के माध्यम से अयोध्या की सरजमीं से पूरी दुनिया को मोहब्बत, अमन और इंसानियत का पैगाम दिया जा रहा है। जुलूस के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी पुलिस प्रशासन मुस्तैद रहा। पूरे रास्ते अकीदतमंदों में उत्साह देखने को मिला और जुलूस धार्मिक सौहार्द एवं भाईचारे के संदेश के साथ संपन्न हुआ।