शासन एवं DGP का निर्देश, मैनपुरी पुलिस ने ऑपरेशन दहन के तहत नष्ट किए करोड़ों रुपये के मादक पदार्थ
“ऑपरेशन दहन” अभियान के अंतर्गत मैनपुरी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए विभिन्न थानों में जब्त किए गए भारी मात्रा में मादक पदार्थों का विधिवत विनिष्टीकरण कराया।
मैनपुरी से गौरव पाण्डेय की रिपोर्ट
मैनपुरी/जनमत न्यूज़। उत्तर प्रदेश शासन एवं पुलिस महानिदेशक के निर्देश पर जनपद में चलाए जा रहे “ऑपरेशन दहन” अभियान के अंतर्गत मैनपुरी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए विभिन्न थानों में जब्त किए गए भारी मात्रा में मादक पदार्थों का विधिवत विनिष्टीकरण कराया। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक गणेश प्रसाद साहा के निर्देशन में सम्पन्न हुई।
जानकारी के अनुसार थाना कोतवाली, दन्नाहार तथा घिरोर पुलिस द्वारा एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत दर्ज कुल 129 अभियोगों में न्यायालय से आदेश प्राप्त होने तथा अपील एवं रिवीजन की अवधि पूर्ण होने के बाद जब्त किए गए अवैध मादक पदार्थों को नष्ट किया गया।
इन अभियोगों में कुल 1472.436 किलोग्राम चरस, गांजा, स्मैक, हेरोइन सहित अन्य नशीले पदार्थ शामिल थे, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 10 करोड़ 68 लाख 1 हजार 100 रुपये बताई गई है।
मादक पदार्थों के सुरक्षित निस्तारण के लिए निर्धारित मानकों का पालन करते हुए यह पूरी प्रक्रिया गडेरी स्थित ग्रीन हाउस वेस्ट मैनेजमेंट प्राइवेट लिमिटेड में सम्पन्न कराई गई।
पर्यावरण सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उच्च क्षमता वाले इंसीनरेटर के माध्यम से सभी नशीले पदार्थों को भस्मीभूत किया गया।सम्पूर्ण विनिष्टीकरण प्रक्रिया ड्रग डिस्पोजल कमेटी की निगरानी में पारदर्शी तरीके से कराई गई।
इस दौरान क्षेत्राधिकारी नगर अरुण कुमार, निरीक्षक विनोद कुमार, निरीक्षक सुभाष चंद्र, उपनिरीक्षक शत्रुघ्न कटारा, थाना प्रभारी घिरोर अनुज चौहान, हेड मोहर्रिर रामनारायण दन्नाहार तथा हेड मोहर्रिर ओमप्रकाश घिरोर सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
मैनपुरी पुलिस ने इस कार्रवाई के माध्यम से स्पष्ट संदेश दिया है कि जनपद में अवैध नशीले पदार्थों के कारोबार को किसी भी कीमत पर पनपने नहीं दिया जाएगा। पुलिस प्रशासन ने कहा कि अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस नीति के तहत आगे भी ऐसे अभियान लगातार चलाए जाते रहेंगे।

Janmat News 
