हरदोई में ग्राम न्यायालय के सामने मारपीट, एक व्यक्ति ने दूसरे को चप्पल से पीटा; वीडियो वायरल
उप्र के हरदोई जनपद में सोशल मीडिया पर सरेआम मारपीट का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में एक व्यक्ति दूसरे व्यक्ति को थप्पड़ और चप्पलों से पीटता हुआ दिखाई दे रहा है।
हरदोई से सुनील कुमार की रिपोर्ट
हरदोई/जनमत न्यूज़। उप्र के हरदोई जनपद में सोशल मीडिया पर सरेआम मारपीट का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में एक व्यक्ति दूसरे व्यक्ति को थप्पड़ और चप्पलों से पीटता हुआ दिखाई दे रहा है।
घटना शाहाबाद-शाहजहांपुर मार्ग पर स्थित ग्राम न्यायालय के सामने हुई। पुलिस ने वीडियो का संज्ञान लिया है और आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की बात कही है।
वायरल वीडियो में शाहाबाद कोतवाली क्षेत्र के ग्राम न्यायालय के सामने का दृश्य है। इसमें एक व्यक्ति पहले दूसरे व्यक्ति को उलाहना देता है, फिर थप्पड़ मारकर उसे जमीन पर गिरा देता है। इसके बाद वह अपनी चप्पल निकालकर पीड़ित को बेरहमी से पीटता है।
इस दौरान पीड़ित व्यक्ति भी हिम्मत जुटाकर आरोपी पर एक चप्पल फेंकता है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि घटनास्थल पर कई लोग मौजूद हैं, लेकिन कोई भी इस विवाद को सुलझाने या बीच-बचाव करने की कोशिश नहीं करता।
सभी लोग खड़े होकर तमाशा देखते रहते हैं। यह मारपीट शाहाबाद के मुख्य मार्ग पर होती रही, लेकिन मौके पर पुलिस या कोई जिम्मेदार अधिकारी नहीं पहुंचा। एएसपी पश्चिमी एमपी सिंह ने बताया कि पुलिस ने वायरल वीडियो का संज्ञान लिया है।
वीडियो में दिख रहे दोनों व्यक्तियों की पहचान कराई जा रही है। उन्होंने आश्वस्त किया कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Janmat News 
