दुष्कर्म आरोपी को लेकर प्रतापगढ़ में बवाल, बजरंग दल कार्यकर्ताओं और पुलिस में धक्का-मुक्की

आरोपी को मेडिकल के लिए ले जाते समय बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने पुलिस कस्टडी से बाहर निकालकर उसकी पिटाई करने का प्रयास किया। इस दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच तीखी झड़प तथा धक्का-मुक्की भी हुई।

दुष्कर्म आरोपी को लेकर प्रतापगढ़ में बवाल, बजरंग दल कार्यकर्ताओं और पुलिस में धक्का-मुक्की
PUBLISHED BY MANOJ KUMAR

प्रतापगढ़ से विकास गुप्ता की रिपोर्ट —

प्रतापगढ़/जनमत न्यूज। प्रतापगढ़ जिले के पट्टी कोतवाली क्षेत्र में अपहरण और दुष्कर्म के आरोपी की गिरफ्तारी के बाद जमकर हंगामा देखने को मिला। आरोपी को मेडिकल के लिए ले जाते समय बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने पुलिस कस्टडी से बाहर निकालकर उसकी पिटाई करने का प्रयास किया। इस दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच तीखी झड़प तथा धक्का-मुक्की भी हुई।

जानकारी के अनुसार पुलिस ने नाबालिग लड़की के अपहरण और दुष्कर्म के आरोप में आरोपी गुलजार को गिरफ्तार किया था। पीड़िता को 11 मई को बरामद किया गया था, जिसके बाद मामले की जांच चल रही थी। सोमवार को पुलिस आरोपी को जेल भेजने की प्रक्रिया के तहत मेडिकल परीक्षण के लिए अस्पताल ले जा रही थी।

इसी दौरान करीब 20 से अधिक बजरंग दल कार्यकर्ता अस्पताल और थाने पहुंच गए। कार्यकर्ताओं ने आरोपी पर ‘लव जिहाद’ का आरोप लगाते हुए जमकर नारेबाजी की। बताया जा रहा है कि कुछ कार्यकर्ताओं ने आरोपी को सरकारी जीप से खींचकर बाहर निकालने और उसकी पिटाई करने का प्रयास किया। पुलिसकर्मियों द्वारा रोकने पर दोनों पक्षों के बीच तीखी झड़प हो गई।

स्थिति बिगड़ते देख पुलिस ने किसी तरह आरोपी को भीड़ से बचाकर वापस थाने पहुंचाया। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने थाने के बाहर भी हंगामा किया। हालात को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया और कार्यकर्ताओं को वहां से हटाया गया। बाद में आरोपी को सुरक्षित हवालात में पहुंचाया गया।

सूत्रों के मुताबिक हंगामे के दौरान कुछ लोगों ने आरोपी की दुकान पर पथराव और तोड़फोड़ भी की। घटना के बाद इलाके में तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही कानून व्यवस्था बिगाड़ने और हिंसा फैलाने वालों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।