मुजफ्फरनगर में दलित परिवार पर हमले का वीडियो वायरल, कठोर कार्रवाई की उठी मांग
उप्र के मुजफ्फरनगर जनपद के सिलाज़ूड़ी गांव में दलित परिवार पर कथित हमले का मामला तूल पकड़ता जा रहा है।
मुजफ्फरनगर से संजय कुमार की रिपोर्ट
मुजफ्फरनगर/जनमत न्यूज़। उप्र के मुजफ्फरनगर जनपद के सिलाज़ूड़ी गांव में दलित परिवार पर कथित हमले का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। पीड़ित महिला के अनुसार 17 मार्च की रात करीब 10 बजे दबंग लोग शराब के नशे में उसके घर में जबरन घुस आए और उसके पति पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया।
आरोप है कि हमलावरों ने गला दबाकर जान से मारने की कोशिश की और जातिसूचक गालियां दीं। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे मामले ने और गंभीर रूप ले लिया है।
पीड़ित परिवार का कहना है कि वह दलित समाज से है और आरोपित सैनी समाज के दबंग लोग हैं, जो लंबे समय से उन्हें परेशान कर रहे हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय वर्मा ने संबंधित थाना प्रभारी को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। हालांकि, पीड़ित परिवार अब भी निष्पक्ष जांच और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग पर अड़ा हुआ है।
अब बड़ा सवाल यह है कि क्या प्रशासन इस मामले में सख्त कदम उठाकर पीड़ित परिवार को न्याय दिलाएगा, या फिर ऐसे मामलों में दलितों के उत्पीड़न का सिलसिला यूं ही जारी रहेगा।


