चोरी के शक में दो युवकों को पेड़ से बांधकर पीटा, पुलिस ने जताई प्रेम प्रसंग की आशंका

थाना प्रभारी मनोज तोमर ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। प्रथम दृष्टया यह मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा प्रतीत हो रहा है।

चोरी के शक में दो युवकों को पेड़ से बांधकर पीटा, पुलिस ने जताई प्रेम प्रसंग की आशंका
PUBLISHED BY MANOJ KUMAR

प्रतापगढ़ से विकास गुप्ता की रिपोर्ट —

प्रतापगढ़/जनमत न्यूज। जनपद के संग्रामगढ़ थाना क्षेत्र में चोरी के शक में ग्रामीणों द्वारा दो युवकों को पेड़ से बांधकर बेरहमी से पीटने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों युवकों को ग्रामीणों के चंगुल से छुड़ाया और हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला चोरी से अधिक प्रेम प्रसंग से जुड़ा प्रतीत हो रहा है।

जानकारी के अनुसार, संग्रामगढ़ थाना क्षेत्र के लतीफपुर गांव निवासी आलोक कुमार ने बताया कि मंगलवार देर रात वह अपने परिवार के साथ घर में सो रहे थे। इसी दौरान करीब 12 बजे घर में किसी के घुसने की आहट सुनाई दी। बाहर निकलकर देखा तो तीन युवक दीवार के सहारे घर में प्रवेश करने का प्रयास कर रहे थे। शोर मचाने पर तीनों भागने लगे, लेकिन आसपास के ग्रामीणों ने घेराबंदी कर दो युवकों को पकड़ लिया, जबकि तीसरा अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।

पकड़े गए युवकों की पहचान सलेमपुर गांव निवासी प्रतीक और लवकुश के रूप में हुई है। आरोप है कि ग्रामीणों ने दोनों युवकों को पेड़ से बांध दिया और चोरी का आरोप लगाते हुए उनकी जमकर पिटाई की। मारपीट के दौरान दोनों के कपड़े भी फाड़ दिए गए और उन्हें अर्द्धनग्न अवस्था में लाठी-डंडों से करीब डेढ़ घंटे तक पीटा गया।

घटना के दौरान किसी ग्रामीण ने पूरी घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो में दोनों युवक खुद को निर्दोष बताते हुए लगातार कहते नजर आ रहे हैं कि वे चोर नहीं हैं और रास्ता भटककर वहां पहुंच गए थे। युवकों ने अपने परिजनों से फोन पर बात भी कराई, लेकिन ग्रामीणों का गुस्सा शांत नहीं हुआ।

वीडियो वायरल होने के बाद रात करीब 1:30 बजे संग्रामगढ़ थाना प्रभारी मनोज तोमर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और दोनों युवकों को ग्रामीणों से मुक्त कराया। पुलिस दोनों को थाने ले गई, जहां शांतिभंग की आशंका में चालान करने के बाद छोड़ दिया गया।

थाना प्रभारी मनोज तोमर ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। प्रथम दृष्टया यह मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। फरार तीसरे युवक की तलाश की जा रही है तथा सभी पहलुओं पर जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।