रायबरेली: दबंगों का जमीन पर जबरन कब्जा, कोर्ट में मामला होने के बावजूद जारी है अवैध हस्तक्षेप
उप्र के रायबरेली जनपद के मिल एरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम राही में भूमि विवाद का गंभीर मामला सामने आया है।
रायबरेली से महताब खान की रिपोर्ट
रायबरेली/जनमत न्यूज़। उप्र के रायबरेली जनपद के मिल एरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम राही में भूमि विवाद का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता श्रीमती नान्हा पत्नी स्व. रामकेवल ने दबंगों पर उनकी जमीन पर जबरन कब्जा करने का आरोप लगाया है।
पीड़िता के अनुसार उनकी भूमि गाटा संख्या 719 पर गांव के ही रामदास, रामचंद्र, तुलसी और रामकेश द्वारा अवैध रूप से हस्तक्षेप किया जा रहा है। आरोप है कि विपक्षीगण बिना किसी वैधानिक अधिकार के भूमि पर कब्जा कर निर्माण का प्रयास कर रहे हैं।
हैरानी की बात यह है कि उक्त मामला उप्र राजस्व संहिता की धारा 24 के अंतर्गत उपजिलाधिकारी सदर, रायबरेली की अदालत में विचाराधीन है, इसके बावजूद दबंग कोर्ट के आदेशों की अनदेखी कर अवैध कब्जा बनाए हुए हैं।
पीड़िता ने इस संबंध में पुलिस अधीक्षक रायबरेली को प्रार्थना-पत्र देकर अवैध कब्जा हटवाने और दबंगों पर कार्रवाई की मांग की है। पीड़िता का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो किसी बड़ी घटना से इनकार नहीं किया जा सकता। फिलहाल प्रशासन की कार्रवाई पर पीड़िता की निगाहें टिकी हैं।


