अयोध्या पहुंचे जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, रामलला के किए दर्शन, प्रदेश में बाढ़ और विकास परियोजनाओं पर की चर्चा

जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने अयोध्या पहुंचकर श्रीरामलला के दर्शन पूजन किए और प्रदेश में बाढ़ की संभावनाओं को लेकर समीक्षा की।

अयोध्या पहुंचे जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, रामलला के किए दर्शन, प्रदेश में बाढ़ और विकास परियोजनाओं पर की चर्चा
REPORTED BY - AZAM KHAN, PUBLISHED BY - MANOJ KUMAR

अयोध्या/जनमत न्यूज। जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने अयोध्या पहुंचकर श्रीरामलला के दर्शन पूजन किए और प्रदेश में बाढ़ की संभावनाओं को लेकर समीक्षा की। सर्किट हाउस में पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि प्रभु से प्रार्थना की गई है कि अयोध्या सहित प्रदेश में बारिश किसानों के लिए राहत लेकर आए।

उन्होंने जानकारी दी कि इस वर्ष चित्रकूट के मंदाकिनी नदी में कुछ समय के लिए बाढ़ आई थी, जिससे हल्का नुकसान हुआ, लेकिन वर्तमान में प्रदेश में स्थिति सामान्य है। जल संसाधनों को लेकर प्रदेश में लगभग 348 परियोजनाएं संचालित हैं, जिनमें से 250 परियोजनाएं पूर्ण हो चुकी हैं। किसानों को नहरों के माध्यम से सिंचाई हेतु जल उपलब्ध कराया जा रहा है। लखीमपुर खीरी की नहर से 25 जिलों में पानी पहुंचाया जा रहा है, हालांकि नदियों में पानी की मात्रा कम है।

राजनीतिक बयान में उन्होंने समाजवादी पार्टी और उसके अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि सपा एक वंशवादी पार्टी है, जो मस्जिदों में बैठकों के माध्यम से वोट बैंक की राजनीति करती है। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा शासन में दंगे होते थे, जिसमें 7-8 हिंदू मारे जाते थे और आज़म खान जैसे नेता दंगाइयों की गिरफ्तारी रुकवाने के लिए अधिकारियों को फोन करते थे।

मंत्री ने कहा कि आज प्रदेश में योगी आदित्यनाथ की सरकार और केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हर वर्ग सुरक्षित है, चाहे वह हिंदू हो या मुसलमान। सरकार सबका साथ, सबका विकास की नीति पर कार्य कर रही है।