बांदा: फर्जी दस्तावेज बनाकर जमानत कराने वाला गैंग लीडर गिरफ्तार, कूटरचित दस्तावेज करता था तैयार

उप्र की बांदा पुलिस ने फर्जी दस्तावेज तैयार कर जेल में बंद आरोपियों की जमानत कराने वाले गैंग के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है।

बांदा: फर्जी दस्तावेज बनाकर जमानत कराने वाला गैंग लीडर गिरफ्तार, कूटरचित दस्तावेज करता था तैयार
Published By- Diwaker Mishra

बांदा से दुर्गेश कश्यप की रिपोर्ट  

बांदा/जनमत न्यूज़। उप्र की बांदा पुलिस ने फर्जी दस्तावेज तैयार कर जेल में बंद आरोपियों की जमानत कराने वाले गैंग के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। थाना चिल्ला पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के वांछित अभियुक्त और गैंग लीडर शिवस्वरूप उर्फ मास्टर को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार आरोपी अपने साथियों के साथ लंबे समय से एक ही खतौनी का इस्तेमाल कर कूटरचित दस्तावेज तैयार करता था। इन्हीं फर्जी दस्तावेजों के आधार पर जेल में बंद अभियुक्तों की जमानत कराकर अनुचित आर्थिक लाभ अर्जित करता था।

थाना तिंदवारी में आरोपी के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट का मुकदमा दर्ज था और वह काफी समय से फरार चल रहा था। मुखबिर की सूचना पर थाना चिल्ला पुलिस ने इन्द्रानगर क्षेत्र से उसे गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।