कन्नौज: दर्दनाक सड़क हादसे में उप्र पुलिस के सिपाही की मौत, परिवार में मचा कोहराम
उप्र के कन्नौज जिले के सौरिख थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक दर्दनाक सड़क हादसे में उप्र पुलिस के सिपाही विकास प्रताप सिंह की मौत हो गई है।
कन्नौज से अश्विनी पाठक की रिपोर्ट
कन्नौज/जनमत न्यूज़। उप्र के कन्नौज जिले के सौरिख थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक दर्दनाक सड़क हादसे में उप्र पुलिस के सिपाही विकास प्रताप सिंह की मौत हो गई है।
विकास प्रताप सिंह वर्ष 2025 में उत्तर प्रदेश पुलिस में भर्ती हुए थे और वर्तमान में उनकी तैनाती अयोध्या जिले में थी। वह कन्नौज के सौरिख क्षेत्र के खड़नी ब्राहिमपुर के रहने वाले थे।
विकास अयोध्या से छुट्टी लेकर अपनी बहन की मंगनी (सगाई) के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए मोटरसाइकिल से अपने गाँव आ रहे थे। दो दिन बाद ही उनकी बहन की मंगनी होनी थी,वह दो बहनों में अकेले भाई थे।
सौरिख थाना क्षेत्र में काकरैया गाँव के पास एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने उनकी मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे मौके पर ही उनकी दर्दनाक मौत हो गई।
इस दर्दनाक हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग और सिपाही के परिवार में कोहराम मच गया है। स्थानीय पुलिस ने मौके पर पहुँचकर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।



