सड़क हादसे में युवक की मौत, आक्रोशित परिजनों ने हाईवे किया जाम
फतेहपुर से भीम शंकर की रिपोर्ट —
फतेहपुर/जनमत न्यूज। जनपद फतेहपुर में एक दर्दनाक सड़क हादसे के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। हुसैनगंज थाना क्षेत्र के सातमील के पास तेज रफ्तार ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर नहर में पलट गया, जिसमें अरुण कुमार की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि हादसा इतना भीषण था कि ट्रैक्टर के परखच्चे उड़ गए। हालांकि ट्रैक्टर पर सवार दो अन्य लोग इस दुर्घटना में बाल-बाल बच गए। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई और परिवार में कोहराम मच गया।
हादसे से गुस्साए परिजनों और स्थानीय लोगों ने लखनऊ-बांदा हाईवे पर जाम लगा दिया। परिजनों ने ट्रैक्टर पर सवार अन्य लोगों पर आरोप लगाते हुए पुलिस पर भी लापरवाही का आरोप लगाया और मुआवजे तथा कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर सड़क पर हंगामा करने लगे। जाम के कारण हाईवे पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया।
सूचना मिलने पर हुसैनगंज थाना पुलिस सहित भारी पुलिस बल और स्थानीय प्रशासन मौके पर पहुंच गया। अधिकारियों ने लोगों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने जाम खुलवाकर यातायात बहाल कराया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और हादसे से जुड़े तथ्यों को खंगाला जा रहा है।

Janmat News 
