KL Rahul ने विनिंग सिक्स लगाते ही तोड़ा Virat Kohli का रिकॉर्ड, अब सिर्फ MS Dhoni आगे
केएल राहुल ने न्यूजीलैंड के खिलाफ विनिंग सिक्स लगाकर विराट कोहली का बड़ा रिकॉर्ड तोड़ दिया। वनडे में अब सिर्फ एमएस धोनी उनसे आगे हैं।
स्पोर्ट्स डेस्क/जनमत न्यूज़:- टीम इंडिया के विकेटकीपर-बल्लेबाज़ केएल राहुल ने एक बार फिर साबित कर दिया कि वह भारत के भरोसेमंद फिनिशर क्यों माने जाते हैं। न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले वनडे मुकाबले में राहुल ने नाबाद रहते हुए मैच खत्म किया और इसी के साथ उन्होंने विराट कोहली का एक बड़ा रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया।
वड़ोदरा में खेले गए इस मुकाबले में केएल राहुल ने 21 गेंदों पर 29 रनों की नाबाद पारी खेली। अपनी पारी के दौरान उन्होंने 2 चौके और 1 शानदार छक्का लगाया। खास बात यह रही कि राहुल ने ये तीनों बाउंड्री 49वें ओवर की आखिरी तीन गेंदों पर लगाईं और छक्का जड़कर भारत को जीत दिलाई।
विनिंग सिक्स के साथ बना नया रिकॉर्ड
इस विनिंग सिक्स के साथ केएल राहुल ने वनडे क्रिकेट में भारत के लिए सबसे ज्यादा बार ‘विनिंग सिक्स’ लगाने के मामले में विराट कोहली को पीछे छोड़ दिया। विराट कोहली ने अपने करियर में 5 बार भारत को विनिंग सिक्स से जीत दिलाई है, जबकि राहुल अब यह कारनामा 6 बार कर चुके हैं।
इसके साथ ही केएल राहुल भारत के लिए वनडे में सबसे ज्यादा विनिंग सिक्स लगाने वाले दूसरे बल्लेबाज बन गए हैं।
धोनी अब भी नंबर-1
इस सूची में पहले स्थान पर हैं भारत के पूर्व कप्तान और दुनिया के सबसे बेहतरीन फिनिशरों में शुमार महेंद्र सिंह धोनी। एमएस धोनी ने अपने वनडे करियर में 9 बार विनिंग सिक्स लगाकर भारत को जीत दिलाई है। अब राहुल और धोनी के बीच सिर्फ 3 विनिंग सिक्स का अंतर रह गया है।
ODI में भारत के लिए सबसे ज्यादा विनिंग सिक्स लगाने वाले खिलाड़ी
-
9 बार – एमएस धोनी
-
6 बार – केएल राहुल*
-
5 बार – विराट कोहली
-
2 बार – हरभजन सिंह
-
1 बार – सचिन तेंदुलकर
-
1 बार – श्रेयस अय्यर
-
1 बार – संजू सैमसन
-
1 बार – अक्षर पटेल
-
1 बार – रोहित शर्मा
-
1 बार – युवराज सिंह
-
1 बार – रवि अश्विन
-
1 बार – रवींद्र जडेजा
-
1 बार – सौरभ तिवारी
(आंकड़े: 2001 से अब तक)
मैच का हाल
मैच में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम ने 50 ओवर में 8 विकेट खोकर 300 रन बनाए। डेवोन कॉनवे और हेनरी निकोल्स ने पहले विकेट के लिए 117 रनों की साझेदारी की, जिससे एक समय कीवी टीम बड़े स्कोर की ओर बढ़ती दिखी। हालांकि मिडिल ऑर्डर के फ्लॉप रहने से टीम 300 रन तक ही सीमित रह गई। डेरिल मिचेल ने सर्वाधिक 84 रन बनाए।
भारत की रनचेज
301 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीम इंडिया की शुरुआत अच्छी नहीं रही और रोहित शर्मा 26 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद कप्तान शुभमन गिल और विराट कोहली ने दूसरे विकेट के लिए शतकीय साझेदारी कर मैच को भारत के पक्ष में मोड़ दिया। गिल ने 56 रन, जबकि कोहली ने 93 रनों की शानदार पारी खेली।
नंबर चार पर श्रेयस अय्यर ने 49 रन जोड़े, जबकि हर्षित राणा ने 29 रनों की उपयोगी पारी खेली। अंत में केएल राहुल ने छक्का लगाकर मैच फिनिश किया और भारत को 4 विकेट से जीत दिलाई।

Janmat News 
