रामजन्मोत्सव पर भक्तिरस में डूबा खलीलाबाद, श्रीराम के जन्म लेते ही गूंजा कथा पंडाल

संतकबीरनगर के खलीलाबाद स्थित जूनियर हाईस्कूल मैदान में आयोजित सात दिवसीय संगीतमयी श्रीराम कथा के दूसरे दिन रामजन्मोत्सव बड़े ही धूमधाम और भक्तिभाव के साथ मनाया गया। कथा व्यास विष्णु जी महाराज ने भगवान श्रीराम के जन्म और बाल लीलाओं का भावपूर्ण वर्णन किया। प्रभु श्रीराम के जन्म का प्रसंग सुनते ही पूरा पंडाल जय श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा।

रामजन्मोत्सव पर भक्तिरस में डूबा खलीलाबाद, श्रीराम के जन्म लेते ही गूंजा कथा पंडाल
Published By- A.K. Mishra

संतकबीरनगर /जनमत न्यूज़:-  संतकबीरनगर के खलीलाबाद में इन दिनों भक्ति और आस्था की अविरल धारा बह रही है। जूनियर हाईस्कूल मैदान में आयोजित सात दिवसीय संगीतमयी श्रीराम कथा के दूसरे दिन रामजन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया। जैसे ही कथा व्यास ने भगवान श्रीराम के जन्म का प्रसंग सुनाया, पूरा कथा पंडाल जय श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा। भजन-कीर्तन और शंखनाद के बीच श्रद्धालु भक्ति के रंग में सराबोर नजर आए।

खलीलाबाद का जूनियर हाईस्कूल मैदान... चारों तरफ श्रद्धा, आस्था और भक्ति का माहौल... मौका था सात दिवसीय संगीतमयी श्रीराम कथा के दूसरे दिन का, जहां भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव पर श्रद्धालुओं ने जमकर खुशियां मनाईं।

श्रीराम नाम जागरण मंच एवं जनमत सेवा संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में 18 नवंबर से आयोजित इस कथा में कथा व्यास विष्णु जी महाराज ने प्रभु श्रीराम के अवतरण की कथा का भावपूर्ण वर्णन किया।

कथा व्यास ने बताया कि जब-जब धरती पर अधर्म और अन्याय बढ़ता है, तब-तब धर्म की स्थापना के लिए भगवान अवतार लेते हैं। प्रभु श्रीराम का जीवन सत्य, त्याग, मर्यादा, करुणा और कर्तव्यनिष्ठा का प्रतीक है।

उन्होंने भगवान श्रीराम की बाल लीलाओं का वर्णन करते हुए श्रद्धालुओं को उनके आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का संदेश दिया।

भगवान श्रीराम के जन्म का प्रसंग आते ही कथा पंडाल में उत्सव जैसा माहौल बन गया। शंखनाद, भजन-कीर्तन और जय श्रीराम के गगनभेदी उद्घोष से पूरा परिसर भक्तिमय हो उठा।

महिलाएं, पुरुष और बुजुर्ग बड़ी संख्या में कथा श्रवण के लिए पहुंचे। हर कोई प्रभु श्रीराम के जन्मोत्सव की खुशियों में सराबोर दिखाई दिया।

इस अवसर पर श्रीराम नाम जागरण मंच के संरक्षक एवं जनमत सेवा संस्थान के अध्यक्ष अभिलाष भट्ट ने श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि श्रीराम कथा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि समाज को संस्कार, भाईचारे और सामाजिक समरसता से जोड़ने का सशक्त माध्यम है।

उन्होंने कहा कि प्रभु श्रीराम के आदर्शों को सुनने के साथ-साथ उन्हें अपने जीवन में उतारना भी बेहद जरूरी है। आयोजन समिति की ओर से श्रद्धालुओं के लिए भोजन प्रसाद की व्यवस्था भी की गई।

कार्यक्रम में क्षेत्राधिकारी खलीलाबाद प्रियम राजशेखर, पूर्व जिला पूर्ति अधिकारी शंभूनाथ भट्ट, रमेश चंद्र भट्ट, ग्राम प्रधान धवरिया सर्वेश भट्ट, धीरेन्द्र भट्ट, प्रमोद भट्ट, घनश्याम भट्ट, अभिषेक भट्ट, सत्यम भट्ट, अजय पांडेय, वीरेंद्र पटवा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।