गैंगस्टर सलमान त्यागी फांसी के फंदे पर लटका मिला, 'तेरे नाम' स्टाइल के लिए था मशहूर

दिल्ली जेल में कुख्यात गैंगस्टर सलमान त्यागी की संदिग्ध मौत। सलमान खान फैन से गैंगस्टर बनने तक की कहानी पढ़ें।

गैंगस्टर सलमान त्यागी फांसी के फंदे पर लटका मिला, 'तेरे नाम' स्टाइल के लिए था मशहूर
Published By- A.K. Mishra

नई दिल्ली/जनमत न्यूज़:-  दिल्ली के मंडोली जेल में कुख्यात गैंगस्टर सलमान त्यागी शनिवार को फंदे से लटका हुआ मिला। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि उसने चादर से फंदा बनाकर खुदकुशी की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि उसने यह कदम क्यों उठाया।

मकोका केस में दोषी सलमान त्यागी पर हत्या, फिरौती और लूट जैसी कई वारदातों के आरोप थे। अपराध की दुनिया में उसका नाम तेजी से उभरा था, लेकिन उसके शौक पूरी तरह फिल्मी थे। सलमान का नाम ही नहीं, बल्कि उसका लुक भी बॉलीवुड एक्टर सलमान खान से इंस्पायर्ड था। उसने सुपरहिट फिल्म ‘तेरे नाम’ के किरदार की तरह हेयरस्टाइल रखा हुआ था। सोशल मीडिया पर उसने ‘राधे भाई’ पोज में कई तस्वीरें अपलोड की थीं।

गैंगस्टर सलमान त्यागी सोशल मीडिया का भी बड़ा शौकीन था। उसके यूट्यूब और इंस्टाग्राम पर कई अकाउंट थे, जिन पर वह लगातार वीडियो और रील्स पोस्ट करता था। गिरफ्तारी के बाद भी वह अदालत और जेल के बीच आने-जाने के दौरान रील्स बनवाता और उन्हें अपलोड कराता था।

सूत्रों के मुताबिक, सलमान त्यागी लंबे समय तक नीरज बवाना गैंग के लिए काम करता रहा, लेकिन बाद में उसने खुद को अलग कर लिया। अब उसका लक्ष्य लॉरेंस बिश्नोई गैंग में शामिल होना था। इसके लिए उसने जेल में रहते हुए कई वारदातों को अंजाम दिया। पिछले साल दिल्ली के दो व्यापारियों से 50 लाख की फिरौती के लिए उसने गोलीबारी करवाई थी, ताकि लॉरेंस बिश्नोई का ध्यान खींच सके।

फिलहाल, पुलिस आत्महत्या के एंगल के साथ-साथ अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।