कांवड़ यात्रा से लौटी मुस्लिम महिला का संभल में फूल बरसाकर स्वागत, बोलीं- मेरी आस्था सिर्फ भोलेनाथ में
उप्र के संभल जनपद में मुस्लिम महिला तमन्ना मलिक ने अपनी मन्नत पूरी होने के बाद हरिद्वार से कांवड़ यात्रा कर संभल पहुंचकर भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया।
संभल से रामव्रेश यादव की रिपोर्ट
संभल/जनमत न्यूज। उप्र के संभल जनपद में मुस्लिम महिला तमन्ना मलिक ने अपनी मन्नत पूरी होने के बाद हरिद्वार से कांवड़ यात्रा कर संभल पहुंचकर भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया। संभल पहुंचने पर पुलिस और प्रशासन ने उन्हें सुरक्षा प्रदान की, वहीं सैकड़ों श्रद्धालुओं ने फूल बरसाकर उनका स्वागत किया।
तमन्ना के मुताबिक कि वह किसी भी कट्टरपंथी विचारधारा को नहीं मानतीं और उनकी आस्था सिर्फ भोलेनाथ में है। बता दें कि जनपद के असमोली थाना क्षेत्र के गांव बदनपुर बसेई निवासी तमन्ना मलिक, जिन्हें तुलसी के नाम से भी जाना जाता है, ने तीन साल पहले गांव के ही अमन त्यागी से प्रेम विवाह किया था। तमन्ना मलिक के दो बेटे हैं।
तमन्ना ने बताया कि उन्होंने भगवान भोलेनाथ से अपनी पसंद के व्यक्ति से विवाह होने की मन्नत मांगी थी। मन्नत पूरी होने पर उन्होंने हरिद्वार से कांवड़ लाकर जलाभिषेक करने का संकल्प लिया। कांवड़ यात्रा के दौरान जगह-जगह श्रद्धालुओं ने उनका स्वागत किया।
कई लोगों ने फूल बरसाए, चढ़ावा भेंट किया और आशीर्वाद भी लिया। हालांकि यात्रा की शुरुआत में दो गांवों में उन्हें कुछ परेशानियों का सामना करना पड़ा, लेकिन बाद में पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा मुहैया कराई, जिसके बाद यात्रा शांतिपूर्वक पूरी हुई। तमन्ना के पति अमन त्यागी ने बताया कि रास्ते में कुछ दूरी तक हल्की दिक्कत आई, लेकिन प्रशासन के सहयोग से सब कुछ ठीक रहा।
संभल पहुंचकर तमन्ना ने प्राचीन नेमासुर स्थित छैमनाथ तीर्थ मंदिर में जलाभिषेक किया। मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं और पुलिस प्रशासन ने पुष्प वर्षा कर उनका स्वागत किया। इसके बाद पुलिस सुरक्षा में उन्हें उनके गांव तक पहुंचाया गया। तमन्ना ने साफ कहा कि उनकी आस्था भगवान भोलेनाथ में है और वह समाज में भ्रम फैलाने वाली कट्टरपंथी बातों पर विश्वास नहीं करतीं।

Janmat News 
