प्लास्टिक मुक्त बरेली की ओर बढ़ा एक सशक्त कदम, आरंभ 8.0 और PUMA 5.0 अभियान का शुभारंभ
स्वच्छ भारत मिशन (आईईसी), नगर निगम बरेली द्वारा "आरंभ 8.0" और PUMA 5.O (प्लास्टिक उन्मूलन महाअभियान) अभियान का शुभारंभ आज भव्य जन-जागरूकता रैली के माध्यम से किया गया।
बरेली से अनूप रायजादा की रिपोर्ट
बरेली/जनमत न्यूज़। "ना करेंगे प्लास्टिक का उपयोग, स्वच्छ होगा बरेली का हर एक कोना"-इसी संकल्प के साथ स्वच्छ भारत मिशन (आईईसी), नगर निगम बरेली द्वारा "आरंभ 8.0" और PUMA 5.O (प्लास्टिक उन्मूलन महाअभियान) अभियान का शुभारंभ आज भव्य जन-जागरूकता रैली के माध्यम से किया गया।
रैली का शुभारंभ सहायक लेखा अधिकारी हृदय नारायण एवं प्रवर्तन दल (ईटीएफ) प्रभारी कर्नल सी.बी. जोशी द्वारा नगर निगम परिसर से हरी झंडी दिखाकर किया गया।
इस अवसर पर आयोजित रैली में 100 से अधिक नागरिकों, स्वच्छता कर्मियों, स्वयं सहायता समूहों एवं सामाजिक संस्थाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए "प्लास्टिक मुक्त, स्वच्छ, सुंदर एवं हरित बरेली" का संदेश जन-जन तक पहुँचाया।
रैली नगर निगम परिसर से प्रारंभ होकर पटेल चौक, नेहरू चौक एवं कार बाजार मार्ग से होकर पुनः पटेल चौक पर संपन्न हुई। पूरे मार्ग में नागरिकों, दुकानदारों, रेहड़ी एवं ठेला संचालकों को सिंगल यूज़ प्लास्टिक का पूर्ण बहिष्कार, गीले एवं सूखे कचरे के पृथक्करण, दो डस्टबिन के अनिवार्य उपयोग* तथा कपड़े के थैले अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
अभियान के दौरान नागरिकों को यह भी अवगत कराया गया कि प्रतिबंधित सिंगल यूज़ प्लास्टिक का उपयोग करने एवं नगर निगम के निर्देशों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार चालानी कार्रवाई की जाएगी।
इस अवसर पर प्रवर्तन दल (ईटीएफ) प्रभारी कर्नल सी.बी. जोशी, सहायक लेखा अधिकारी श्री हृदय नारायण, मुख्य सफाई एवं खाद्य निरीक्षक महेंद्र प्रताप सिंह राठौर, सफाई निरीक्षक *स्वच्छ भारत मिशन (आईईसी) टीम* के सदस्य उपस्थित रहे।


