कौशाम्बी: 12 दिन पहले हुई महिला की मर्डर मिस्ट्री का सनसनीखेज खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार

उप्र के कौशाम्बी जिले के कोखराज थाना क्षेत्र में हाईवे किनारे 12 दिन पहले बक्से में मिली महिला की लाश के मामले का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है।

कौशाम्बी: 12 दिन पहले हुई महिला की मर्डर मिस्ट्री का सनसनीखेज खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार
Published By- Diwaker Mishra

कौशाम्बी से राहुल भट्ट की रिपोर्ट

कौशाम्बी/जनमत न्यूज़। उप्र के कौशाम्बी जिले के कोखराज थाना क्षेत्र में हाईवे किनारे 12 दिन पहले बक्से में मिली महिला की लाश के मामले का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है।

इस वारदात को किसी और ने नहीं बल्कि महिला के पति ने ही अंजाम दिया था। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। हत्या की वजह दूसरी शादी और पारिवारिक दबाव बताया जा रहा है।

बीते 15 अप्रैल को कोखराज थाना क्षेत्र के हाईवे किनारे एक संदिग्ध बक्सा मिलने की सूचना से इलाके में हड़कंप मच गया था। मौके पर पहुंची पुलिस ने जब बक्सा खोला तो उसके अंदर करीब 30 वर्षीय अज्ञात महिला का शव मिला।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला कसकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर कई टीमों का गठन किया गया। सर्विलांस और CCTV फुटेज की मदद से पुलिस ने जांच आगे बढ़ाई।

27 अप्रैल को वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध कार को रोककर दो युवकों को हिरासत में लिया। पूछताछ में दोनों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।

मुख्य आरोपी हर्ष खियानी ने बताया कि मृतका उसकी दूसरी पत्नी थी, जो उस पर घर ले जाने का दबाव बना रही थी। इसी बात से परेशान होकर उसने हत्या की साजिश रची।

आरोपी ने पहले महिला का गला दबाकर हत्या की और फिर शव को बक्से में भरकर हाईवे किनारे फेंक दिया। इसके बाद पहचान छुपाने के लिए उसका बैग और दस्तावेज भी अलग जगह फेंक दिए गए। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर मृतका का बैग, दस्तावेज और घटना में प्रयुक्त कार भी बरामद कर ली है।

फिलहाल पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। इस सफल खुलासे पर पुलिस अधीक्षक ने टीम को 25 हजार रुपये इनाम देने की घोषणा की है।