दीपावली पर राज्य कर्मचारियों को सीएम योगी का तोहफा, 14.82 लाख कर्मियों को मिलेगा बोनस
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के 14.82 लाख राज्य कर्मचारियों को बोनस देने की घोषणा की है। इससे प्रदेशभर में सरकारी कर्मचारियों और उनके परिवारों में खुशी और उत्साह का माहौल बन गया है।

लखनऊ/जनमत न्यूज। उत्तर प्रदेश सरकार ने दीपावली से पहले अपने कर्मचारियों को बड़ी सौगात दी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के 14.82 लाख राज्य कर्मचारियों को बोनस देने की घोषणा की है। इससे प्रदेशभर में सरकारी कर्मचारियों और उनके परिवारों में खुशी और उत्साह का माहौल बन गया है।
मुख्यमंत्री के निर्णय के अनुसार, सरकार इस बोनस भुगतान पर ₹1,022 करोड़ का व्ययभार वहन करेगी। प्रत्येक पात्र कर्मचारी को अधिकतम ₹6,908 तक का बोनस 30 दिन की परिलब्धियों के आधार पर प्रदान किया जाएगा।
यह लाभ वेतन मैट्रिक्स लेवल 8 (₹47,600-₹1,51,100) तक के कार्मिकों को मिलेगा। साथ ही राज्य निधि से सहायता प्राप्त शिक्षण संस्थानों और स्थानीय निकायों के कर्मचारी भी इस निर्णय से लाभान्वित होंगे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए हैं कि बोनस भुगतान समयबद्ध रूप से सुनिश्चित किया जाए, ताकि कर्मचारियों को दीपावली से पहले आर्थिक लाभ प्राप्त हो सके।
उन्होंने कहा कि यह निर्णय राज्य कर्मचारियों के परिश्रम, निष्ठा और योगदान का सम्मान है, जिससे शासन-प्रशासन में नई ऊर्जा का संचार होगा और दीपावली का उत्सव और अधिक उल्लासपूर्ण बनेगा।