तेज रफ्तार कार नहर में पलटी, तीन लोगों की डूबने से दर्दनाक मौत

अछल्दा क्षेत्र के तुरुकपुर गांव के पास हुआ हादसा, पुलिस व ग्रामीणों ने चलाया बचाव अभियान

तेज रफ्तार कार नहर में पलटी, तीन लोगों की डूबने से दर्दनाक मौत
PUBLISHED BY - MANOJ KUMAR

औरैया से अरूण बाजपेयी की रिपोर्ट —

औरैया/जनमत न्यूज। जिले के अछल्दा थाना क्षेत्र में बुधवार को एक भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की दर्दनाक मृत्यु हो गई। तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर तुरुकपुर गांव के समीप नहर में पलट गई। नहर में डूबती कार को देखकर आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार तेज गति से जा रही थी तभी चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और कार सीधे नहर में जा गिरी। देखते ही देखते कार पानी में डूबने लगी। स्थानीय ग्रामीणों ने तत्काल शोर मचाकर अन्य लोगों को बुलाया और पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही अछल्दा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के साथ मिलकर बचाव अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद कार सवार लोगों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक तीनों की पानी में डूबने से मौके पर ही मृत्यु हो चुकी थी।

घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्राधिकारी भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने पुलिस टीम को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए हादसे की जांच के आदेश दिए।

घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी इंद्रमणि त्रिपाठी और अपर पुलिस अधीक्षक आलोक मिश्रा तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे। दोनों अधिकारी स्वयं मौके पर खड़े रहकर एसडीआरएफ टीम द्वारा चलाए जा रहे सर्च ऑपरेशन की निगरानी कर रहे हैं।

पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा परिजनों को सूचना दे दी गई है। हादसे की खबर मिलते ही परिवारों में कोहराम मच गया। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच में जुटी है।

अछल्दा थाना क्षेत्र में नहर में डूबकर चार पहिया वाहन सवार तीन लोगों की मौत के बाद जिला प्रशासन ने व्यापक तलाशी अभियान शुरू करा दिया है। आशंका जताई जा रही है कि वाहन में अन्य लोग भी सवार हो सकते थे। इसी संभावना को देखते हुए प्रशासन ने एसडीआरएफ टीम को मौके पर बुलाया है।

एसडीआरएफ की टीम नहर में लगातार गोताखोरी कर तलाशी अभियान चला रही है, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि वाहन में तीन के अतिरिक्त कोई अन्य व्यक्ति तो सवार नहीं था। प्रशासन का कहना है कि जब तक पूरी तरह संतुष्टि नहीं हो जाती, तब तक खोजबीन जारी रहेगी।

नहर में पानी का बहाव अधिक होने के कारण रेस्क्यू कार्य में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। पुलिस, प्रशासन और एसडीआरएफ की संयुक्त टीम पूरी सतर्कता के साथ अभियान चला रही है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और चिंता का माहौल है।