मामूली पारिवारिक विवाद ने लिया खूनी रूप, भाभी समेत दो की मौत, आरोपी फरार

नैमिषारण्य क्षेत्र के ठाकुर नगर गांव में चाकू से हमला, एक घायल हायर सेंटर रेफर

मामूली पारिवारिक विवाद ने लिया खूनी रूप, भाभी समेत दो की मौत, आरोपी फरार
PUBLISHED BY - MANOJ KUMAR

सीतापुर से अनूप पाण्डेय की रिपोर्ट —

सीतापुर/जनमत न्यूज। थाना नैमिषारण्य क्षेत्र के ठाकुर नगर गांव में मामूली पारिवारिक विवाद ने बुधवार को भयावह रूप ले लिया। आपसी कहासुनी के बाद एक युवक ने अपने ही परिवार पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे भाभी सहित दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव निवासी श्यामू का किसी बात को लेकर अपने बड़े भाई हरीश और छोटे भाई रामू से विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि श्यामू ने गुस्से में आकर दोनों भाइयों पर चाकू से हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचीं हरीश की पत्नी पूनम पर भी आरोपी ने घातक वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से पूनम की मौके पर ही मृत्यु हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा, जहां उपचार के दौरान बड़े भाई हरीश ने भी दम तोड़ दिया। छोटे भाई रामू की हालत गंभीर होने के कारण उसे हायर सेंटर रेफर किया गया है।

पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं और आरोपी की तलाश में दबिश दी जा रही है। प्रारंभिक जांच में मामला पारिवारिक विवाद का बताया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी को शीघ्र गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। इस घटना से पूरे गांव में दहशत और शोक का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।