जमुनापार क्षेत्र में युवक की गोली मारकर हत्या, पुराने विवाद की आशंका
थाना जमुनापार क्षेत्र के शिवनगर तैयापुर कॉलोनी में शुक्रवार देर रात उस वक्त सनसनी फैल गई जब एक व्यक्ति की अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी।

मथुरा/जनमत न्यूज। थाना जमुनापार क्षेत्र के शिवनगर तैयापुर कॉलोनी में शुक्रवार देर रात उस वक्त सनसनी फैल गई जब एक व्यक्ति की अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक अपने घर के बाहर एक खाली प्लॉट में सो रहा था।
घटना के समय घर के अन्य सदस्य पास ही एक लग्न समारोह में शामिल होने गए हुए थे। पुलिस के अनुसार, इसी दौरान अज्ञात हमलावरों ने मौके का फायदा उठाते हुए युवक पर फायर झोंक दिया। गोली लगने के बाद युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन जब मौके पर लौटे तो उसे आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना पर थाना जमुनापार पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू की। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि मृतक का कुछ दिन पूर्व पड़ोस के कुछ लोगों से विवाद हुआ था। परिजनों द्वारा दी गई तहरीर में उन्हीं लोगों के नाम संदिग्धों के रूप में दर्ज कराए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पुराने विवाद की भूमिका की भी गंभीरता से जांच की जा रही है। घटनास्थल की फॉरेंसिक जांच कराई गई है और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। फिलहाल हत्या के कारणों की पुष्टि नहीं हो सकी है।
हत्या के बाद इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है। एहतियातन क्षेत्र में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। मामले की विवेचना जारी है और नामजद आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।
पुलिस ने परिजनों को भरोसा दिलाया है कि जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।