मानसिक विक्षिप्त के हमले में अधेड़ की मौत, गमछे से गला दबाकर की हत्या

आरोपी ने पहले अधेड़ को सड़क पर गिराकर बेरहमी से मारपीट की, फिर गमछा डालकर गला दबा दिया। इतना ही नहीं आरोपी गले में गमछा फंसाकर मृतक को काफी दूर तक घसीटता रहा।

मानसिक विक्षिप्त के हमले में अधेड़ की मौत, गमछे से गला दबाकर की हत्या
PUBLISHED BY MANOJ KUMAR

कन्नौज से अश्वनी पाठक की रिपोर्ट — 

कन्नौज / जनमत न्यूज। सदर कोतवाली क्षेत्र के बजरिया शिखाना मोहल्ले में एक मानसिक विक्षिप्त युवक द्वारा अधेड़ की हत्या किए जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। आरोपी ने बीच सड़क पर 45 वर्षीय अधेड़ पर अचानक हमला कर दिया और मारपीट करने के बाद गमछे से गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें आरोपी अधेड़ को घसीटता हुआ दिखाई दे रहा है।

जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान ताजपुर नौकाश्त निवासी निजामुद्दीन के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि निजामुद्दीन नया प्लॉट खरीदने की खुशी में अपने एक दोस्त के घर मिठाई देने गए थे। इसी दौरान सड़क पर घूम रहे मानसिक विक्षिप्त ने अचानक उन पर हमला बोल दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आरोपी ने पहले अधेड़ को सड़क पर गिराकर बेरहमी से मारपीट की, फिर गमछा डालकर गला दबा दिया। इतना ही नहीं आरोपी गले में गमछा फंसाकर मृतक को काफी दूर तक घसीटता रहा। आसपास के लोगों ने घरों के दरवाजे खोलकर आरोपी को रोकने की कोशिश की, लेकिन वह हत्या पर आमादा रहा और किसी की नहीं सुनी।

घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार भी क्राइम सीन पर पहुंचे और मौके का निरीक्षण किया।

एसपी ने बताया कि आरोपी की पहचान कर ली गई है और उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।