दीपावली पर्व को लेकर डीएम और एसपी ने किया शहर का पैदल निरीक्षण

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बाजारों में बढ़ती भीड़, यातायात व्यवस्था और सुरक्षा प्रबंधन का बारीकी से जायजा लिया। जिलाधिकारी ने मौके पर व्यापारियों और उपभोक्ताओं से संवाद करते हुए वस्तुओं की उपलब्धता और मूल्य नियंत्रण की स्थिति की जानकारी ली।

दीपावली पर्व को लेकर डीएम और एसपी ने किया शहर का पैदल निरीक्षण
REPORTED BY - VIKAS GUPTA, PUBLISHED BY - MANOJ KUMAR

प्रतापगढ़/जनमत न्यूज। आगामी दीपावली पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से मनाए जाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी शिव सहाय अवस्थी एवं पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने गुरुवार को शहर के प्रमुख चौराहों और बाजारों का पैदल भ्रमण किया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बाजारों में बढ़ती भीड़, यातायात व्यवस्था और सुरक्षा प्रबंधन का बारीकी से जायजा लिया। जिलाधिकारी ने मौके पर व्यापारियों और उपभोक्ताओं से संवाद करते हुए वस्तुओं की उपलब्धता और मूल्य नियंत्रण की स्थिति की जानकारी ली।

डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि दीपावली के दौरान बाजारों में स्वच्छता, यातायात और सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान रखा जाए ताकि नागरिकों को खरीददारी में किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती और प्रकाश व्यवस्था को सुदृढ़ रखने पर बल दिया।

डीएम ने कहा, “दीपावली पर्व पर जनपद में शांति, सौहार्द्र और सुरक्षा का वातावरण बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।” उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि पटाखा दुकानों का सघन निरीक्षण किया जाए तथा फायर सेफ्टी, अग्निशमन यंत्र, खुला स्थान और भीड़ नियंत्रण की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना की संभावना को रोका जा सके।

इस दौरान डीएम एवं एसपी ने भंगवा चुंगी, चौक घंटाघर, सराफा मार्केट और पंजाबी मार्केट जैसे प्रमुख स्थलों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने मौके पर मौजूद प्रशासनिक एवं पुलिस कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के समय नगर मजिस्ट्रेट, सीओ सिटी, कोतवाली प्रभारी समेत संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।