हरदोई में एंबुलेंस चालक को सांप ने डसा, 400 थपकियां और 30 एंटी-वेनम भी बेअसर; लखनऊ रेफर

उप्र के हरदोई जनपद में एक जहरीले सांप के डसने से 35 वर्षीय एंबुलेंस चालक की हालत गंभीर हो गई। उन्हें बचाने के लिए साथियों ने करीब 400 थपकियां देकर होश में रखने का प्रयास किया, जबकि डॉक्टरों ने 30 एंटी-वेनम इंजेक्शन लगाए।

हरदोई में एंबुलेंस चालक को सांप ने डसा, 400 थपकियां और 30 एंटी-वेनम भी बेअसर; लखनऊ रेफर
Published By- Diwaker Mishra

हरदोई से सुनील कुमार की रिपोर्ट

हरदोई/जनमत न्यूज़। उप्र के हरदोई जनपद में एक जहरीले सांप के डसने से 35 वर्षीय एंबुलेंस चालक की हालत गंभीर हो गई। उन्हें बचाने के लिए साथियों ने करीब 400 थपकियां देकर होश में रखने का प्रयास किया, जबकि डॉक्टरों ने 30 एंटी-वेनम इंजेक्शन लगाए। तमाम प्रयासों के बावजूद हालत में सुधार नहीं हुआ। डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर उपचार के लिए लखनऊ रेफर कर दिया।

जानकारी के अनुसार फर्रुखाबाद जनपद के बीरपुर निवासी 35 वर्षीय ओवेंद्र हरपालपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में एंबुलेंस चालक के रूप में तैनात हैं वह रात में सीएचसी परिसर स्थित अपने क्वार्टर में सो रहे थे। इसी दौरान जहरीले सांप ने उनके बाएं हाथ की उंगली में डस लिया। सांप के डसने के बाद ओवेंद्र ने तत्काल अपने सहकर्मी प्रदीप को जगाया।

प्रदीप उन्हें सीएचसी की इमरजेंसी लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार किया गया। उपचार के बाद ओवेंद्र वापस अपने क्वार्टर चले गए। वहीं गुरुवार सुबह अचानक उन्हें चक्कर आने लगे और उल्टियां होने लगीं।इसके साथ ही सांस लेने में भी परेशानी होने लगी।

हालत बिगड़ने पर सीएचसी के डॉक्टरों ने उन्हें हरदोई मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। मेडिकल कॉलेज में ईएमओ डॉ.शेर सिंह और डॉ. रूपेंद्र सिंह की निगरानी में उपचार शुरू हुआ।

डॉक्टरों ने साथियों को उन्हें लगातार जगाए रखने की सलाह दी। इसके बाद हरिओम और प्रदीप ने बारी-बारी से उनके गाल, सीने और पीठ पर थपकियां देकर उन्हें होश में रखने का प्रयास किया।

बताया गया कि करीब दो घंटे में दोनों लोगों ने करीब 400 थपकियां दीं। इसी दौरान मेडिकल टीम ने 30 एंटी-वेनम इंजेक्शन लगाए, लेकिन ओवेंद्र की हालत नाजुक बनी रही। उसके बाद उन्हें लखनऊ रेफर कर दिया गया।