रायबरेली में पुलिस की ईमानदारी की मिसाल: रास्ते में गिरे साढ़े चार लाख रुपये बरामद कर मालिक को लौटाए
कोतवाली नगर पुलिस ने बरामद रुपये उनके मालिक फाना त्रिवेदी को सौंप दिए। अपनी खोई हुई रकम वापस पाकर उन्होंने राहत की सांस ली और पुलिस टीम का आभार जताया।
रायबरेली से महाताब खान की रिपोर्ट —
रायबरेली/जनमत न्यूज। कोतवाली नगर पुलिस ने अपनी सतर्कता, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा से ऐसा उदाहरण प्रस्तुत किया है जिसकी क्षेत्र में हर जगह सराहना हो रही है। पुलिस ने रास्ते में गिरे ₹4.50 लाख (साढ़े चार लाख रुपये) सुरक्षित बरामद कर उनके वास्तविक मालिक को लौटा दिए, जिससे पुलिस के प्रति लोगों का भरोसा और मजबूत हुआ है।
घटना 27 दिसंबर 2025 की है। शांति भवन प्रभुटाउन निवासी देवेंद्र प्रसाद त्रिवेदी उर्फ फाना त्रिवेदी एक दुकान से खरीदारी कर लौट रहे थे। इसी दौरान उनके बैग में रखी नकदी रास्ते में कहीं गिर गई। जब घर पहुंचने पर उन्हें रकम गायब होने का पता चला, तो वे तत्काल कोतवाली नगर थाने पहुंचे और पुलिस को इसकी सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए एक विशेष टीम गठित की। टीम ने घटनास्थल और संभावित मार्ग पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और इलाके में तलाश शुरू की। पुलिस की सतर्कता और लगातार प्रयासों का नतीजा रहा कि पूरी रकम सुरक्षित बरामद कर ली गई।
सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद कोतवाली नगर पुलिस ने बरामद रुपये उनके मालिक फाना त्रिवेदी को सौंप दिए। अपनी खोई हुई रकम वापस पाकर उन्होंने राहत की सांस ली और पुलिस टीम का आभार जताया।
स्थानीय लोगों ने भी इस कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की घटनाएं पुलिस पर जनता के विश्वास को और मजबूत बनाती हैं। इस अभियान में उपनिरीक्षक अखिल तोमर, आरक्षी जीत सिंह और आरक्षी धीरज गौड़ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
कोतवाली नगर पुलिस की यह कार्रवाई न केवल पुलिस व्यवस्था की साख बढ़ाने वाली है, बल्कि यह संदेश भी देती है कि ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा ही कानून व्यवस्था की असली पहचान है।

Janmat News 
