फतेहपुर से भीम शंकर की रिपोर्ट —
फतेहपुर/जनमत न्यूज। फतेहपुर में जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) कार्यालय में तैनात एक बाबू द्वारा कथित रूप से नींद की गोलियां खा लेने से हड़कंप मच गया। कार्यालय में ही दवा खाने के बाद उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई, जिसके बाद आनन-फानन में उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
जानकारी के अनुसार बाबू की हालत गंभीर होने पर उन्हें तुरंत एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी भी सक्रिय हो गए और अपर जिलाधिकारी (एडीएम) अस्पताल पहुंचकर बाबू का हालचाल जाना।
घटना को लेकर पुलिस भी मामले की जांच में जुट गई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बाबू ने कार्यालय में ही नींद की गोलियां खाई थीं, जिसके बाद उनकी हालत बिगड़ गई। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि उन्होंने यह कदम किन कारणों से उठाया।
वहीं बाबू के बेटे ने आरोप लगाया है कि उनके पिता ने पांच लोगों के सामने नींद की गोलियां खाई थीं, लेकिन किसी ने उन्हें रोकने का प्रयास नहीं किया। बेटे ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की सच्चाई सामने लाने के लिए कार्यालय में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जाएगी। जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि घटना के पीछे वास्तविक कारण क्या है।
बताया जा रहा है कि यह पूरा मामला सदर कोतवाली क्षेत्र का है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और बाबू की हालत पर भी नजर रखी जा रही है।