औरैया: विश्व हृदय दिवस पर दिबियापुर सीएचसी में एनसीडी स्क्रीनिंग कैंप, लोगों को किया जागरूक
उप्र के औरैया जनपद के दिबियापुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में राष्ट्रीय कैंसर, मधुमेह, हृदय रोग एवं पक्षाघात बचाव एवं नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत विश्व हृदय दिवस के अवसर पर गैर-संचारी रोग स्क्रीनिंग कैंप का आयोजन किया गया।
औरैया से अरुण वाजपेयी की रिपोर्ट
औरैया/जनमत न्यूज़। उप्र के औरैया जनपद के दिबियापुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में राष्ट्रीय कैंसर, मधुमेह, हृदय रोग एवं पक्षाघात बचाव एवं नियंत्रण (NPCDCS) कार्यक्रम के अंतर्गत विश्व हृदय दिवस के अवसर पर एनसीडी (गैर-संचारी रोग) स्क्रीनिंग कैंप का आयोजन किया गया।
शिविर में स्वास्थ्य कर्मियों ने लोगों की स्वास्थ्य जांच करने के साथ ही हृदय रोगों से बचाव के प्रति जागरूक किया। कार्यक्रम के दौरान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दिबियापुर के अधीक्षक डॉ. विजय आनंद ने उपस्थित लोगों को विश्व हृदय दिवस के महत्व के बारे में जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि बदलती जीवनशैली, खान-पान में लापरवाही, शारीरिक गतिविधियों की कमी, तनाव, धूम्रपान और तंबाकू का सेवन हृदय रोगों के प्रमुख जोखिम कारकों में शामिल हैं।
उन्होंने लोगों से नियमित स्वास्थ्य जांच कराने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की अपील की। डॉ. विजय आनंद ने बताया कि हृदय को स्वस्थ रखने के लिए संतुलित एवं पौष्टिक आहार लेना, नियमित व्यायाम करना, पर्याप्त नींद लेना और तनाव को नियंत्रित रखना आवश्यक है।
उन्होंने लोगों को उच्च रक्तचाप, मधुमेह और बढ़े हुए कोलेस्ट्रॉल जैसी समस्याओं की समय-समय पर जांच कराने की सलाह दी, क्योंकि इन बीमारियों की समय रहते पहचान और उपचार से गंभीर जटिलताओं के खतरे को कम किया जा सकता है।
एनसीडी स्क्रीनिंग कैंप के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा लोगों की आवश्यक स्वास्थ्य जांच की गई और उन्हें बीमारी से बचाव के उपाय बताए गए। स्वास्थ्य कर्मियों ने लोगों को किसी भी प्रकार की परेशानी या असामान्य लक्षण दिखाई देने पर चिकित्सकीय परामर्श लेने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में तैनात डॉ. अब्दुल करीम, डॉ. रश्मि यादव सहित अन्य स्वास्थ्य कर्मी मौजूद रहे। कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को हृदय स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने और नियमित रूप से अपने स्वास्थ्य की निगरानी करने का संदेश दिया गया।



