सहारनपुर: पुलिस मुठभेड़ में गोकशी का आरोपी घायल, तमंचा-कारतूस और गोवंश बरामद

उप्र के​ सहारनपुर जनपद के थाना बेहट पुलिस ने गोकशी के प्रयास की सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस मुठभेड़ के बाद एक आरोपी को घायल अवस्था में गिरफ्तार किया है।

सहारनपुर: पुलिस मुठभेड़ में गोकशी का आरोपी घायल, तमंचा-कारतूस और गोवंश बरामद
Published By- Diwaker Mishra

सहारनपुर से अनिल वर्मा की रिपोर्ट

सहारनपुर/जनमत न्यूज़। उप्र के​ सहारनपुर जनपद के थाना बेहट पुलिस ने गोकशी के प्रयास की सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस मुठभेड़ के बाद एक आरोपी को घायल अवस्था में गिरफ्तार किया है।

पुलिस के मुताबिक आरोपी के कब्जे से .315 बोर का तमंचा, जिंदा और खोखा कारतूस, एक जिंदा गोवंश, गोकशी के उपकरण तथा बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल बरामद की गई है।

पुलिस के अनुसार, रात बेहट थाना पुलिस टीम ताजपुरा नहर पुल से मालाहेड़ी की ओर जाने वाली सड़क पर गश्त और संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान ग्राम ताजपुरा के जंगल की ओर जाने वाले रास्ते पर आम के बाग में रोशनी दिखाई दी।

पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो वहां दो लोग कथित रूप से गोकशी का प्रयास करते मिले। पुलिस का दावा है कि टीम को देखते ही दोनों आरोपियों ने पुलिसकर्मियों पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी।

जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के पैर में गोली लग गई, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया। वहीं दूसरा आरोपी अंधेरे और जंगल का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। उसकी तलाश में पुलिस द्वारा कॉम्बिंग अभियान चलाया जा रहा है।

पुलिस ने घायल आरोपी की पहचान हसीन पुत्र सईद, निवासी ग्राम गंदेवड़ा, थाना फतेहपुर, हाल निवासी ग्राम ताजपुरा, थाना बेहट, सहारनपुर के रूप में की है। उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस के मुताबिक हसीन के खिलाफ सहारनपुर के विभिन्न थानों में गोकशी, चोरी, आर्म्स एक्ट, गैंगस्टर एक्ट और हत्या के प्रयास समेत करीब एक दर्जन मुकदमे दर्ज हैं। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।