हाथरस: छात्रा की मौत के बाद फूटा लोगों का गुस्सा, तालाब ओवरब्रिज पर मानव श्रृंखला बनाकर किया प्रदर्शन
उप्र के हाथरस जनपद के तालाब ओवरब्रिज पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में घायल 18 वर्षीय छात्रा की इलाज के दौरान मौत हो जाने के बाद मंगलवार को शहरवासियों का गुस्सा फूट पड़ा।
हाथरस से होमेश मिश्रा की रिपोर्ट
हाथरस/जनमत न्यूज़। उप्र के हाथरस जनपद के तालाब ओवरब्रिज पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में घायल 18 वर्षीय छात्रा की इलाज के दौरान मौत हो जाने के बाद मंगलवार को शहरवासियों का गुस्सा फूट पड़ा।
स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों ने तालाब ओवरब्रिज पर मानव श्रृंखला बनाकर प्रदर्शन किया और प्रशासन से सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।
मृतका की पहचान आगरा रोड स्थित पुराना मिल कंपाउंड निवासी और पशु चिकित्सक डॉ. संजीव अग्रवाल की बेटी खुशी अग्रवाल के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि खुशी मेडिकल प्रवेश परीक्षा की तैयारी कर रही थी। सोमवार देर शाम कोचिंग से स्कूटी से घर लौटते समय तालाब ओवरब्रिज पर एक ट्रैक्टर ने उसकी स्कूटी को टक्कर मार दी।
हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गई। स्थानीय लोगों ने उसे तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद परिजन उसे एक निजी अस्पताल ले गए। इलाज के दौरान देर रात उसकी मौत हो गई।
छात्रा की मौत की खबर मिलते ही मंगलवार को बड़ी संख्या में व्यापारी और स्थानीय लोग तालाब ओवरब्रिज पर एकत्र हुए और मानव श्रृंखला बनाकर विरोध प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारियों का कहना था कि ओवरब्रिज की चौड़ाई कम होने, भारी यातायात और नीचे उतरते समय खतरनाक मोड़ के कारण यहां आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं।
उन्होंने प्रशासन से स्थायी समाधान निकालने और सड़क सुरक्षा के प्रभावी इंतजाम करने की मांग की, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
प्रदर्शन की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। उप जिलाधिकारी सदर राजबहादुर ने प्रदर्शनकारियों से वार्ता कर उन्हें शांत कराया और उनकी मांगों पर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ और यातायात को सामान्य कराया गया।


