औरैया: फफूंद-अछल्दा मार्ग पर सड़क हादसा, बाइक सवार लॉ छात्र की मौत; परिवार में मचा कोहराम

उप्र के औरैया जनपद के फफूंद थाना क्षेत्र के फफूंद-अछल्दा मार्ग पर टीकमपुर गांव के पास बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यहां पिकअप वाहन और बाइक की आमने-सामने टक्कर में बाइक सवार लॉ कॉलेज के छात्र की मौत हो गई।

औरैया: फफूंद-अछल्दा मार्ग पर सड़क हादसा, बाइक सवार लॉ छात्र की मौत; परिवार में मचा कोहराम
Published By- Diwaker Mishra

औरैया से अरुण वाजपेयी की रिपोर्ट

औरैया/जनमत न्यूज़। उप्र के औरैया जनपद के फफूंद थाना क्षेत्र के फफूंद-अछल्दा मार्ग पर टीकमपुर गांव के पास बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यहां पिकअप वाहन और बाइक की आमने-सामने टक्कर में बाइक सवार लॉ कॉलेज के छात्र की मौत हो गई।

हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर पहुंची 108 एंबुलेंस की मदद से घायल छात्र को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दिबियापुर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

जानकारी के अनुसार फफूंद थाना क्षेत्र के भूरेपुर गांव निवासी राघवेंद्र शर्मा पुत्र राजेंद्र शर्मा लॉ कॉलेज में पढ़ाई कर रहे थे। बताया गया है कि वह बाइक से अपने कॉलेज से घर की ओर जा रहे थे।

इसी दौरान फफूंद-अछल्दा मार्ग पर टीकमपुर गांव के पास उनकी बाइक की पिकअप वाहन से टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि राघवेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और हादसे की सूचना पुलिस तथा एंबुलेंस को दी गई। 108 एंबुलेंस कर्मियों ने घायल छात्र को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दिबियापुर पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद राघवेंद्र को मृत घोषित कर दिया।

हादसे की सूचना जैसे ही परिजनों को मिली, परिवार में कोहराम मच गया। परिजन रोते-बिलखते हुए अस्पताल पहुंचे। राघवेंद्र की मौत की खबर से गांव में भी शोक का माहौल हो गया। ग्रामीणों ने हादसे पर दुख जताते हुए परिवार को ढांढस बंधाया।

बताया गया है कि राघवेंद्र शर्मा तीन भाइयों में सबसे छोटे थे और उनकी दो बहनें भी हैं। परिवार को उनसे काफी उम्मीदें थीं। पढ़ाई के दौरान सड़क हादसे में हुई उनकी अचानक मौत से परिजन गहरे सदमे में हैं।

पुलिस ने घटना की जानकारी जुटाते हुए हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।