उफान पर सरयू: नेपाल से छूटा पानी, अयोध्या में अलर्ट; बाढ़ शरणालयों में भेजे जा रहे लोग
नेपाल में हुई भारी मूसलाधार बारिश और वहां से नदियों में पानी छोड़े जाने के कारण उप्र के अयोध्या जनपद में सरयू नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है।
अयोध्या से आज़म खान की रिपोर्ट
अयोध्या/जनमत न्यूज़। नेपाल में हुई भारी मूसलाधार बारिश और वहां से नदियों में पानी छोड़े जाने के कारण उप्र के अयोध्या जनपद में सरयू नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है।
बीते तीन दिनों से लगातार हो रही बारिश के चलते नदी का रुख आक्रामक हो गया है। हालांकि, स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है।
जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने बताया कि नेपाल से छोड़े गए पानी के चलते आज तक जलस्तर में बढ़ोतरी होने की संभावना है, लेकिन कल से स्थिति में सुधार आएगा और पानी वापस कम होने लगेगा।
3 तहसीलें प्रभावित, तटवर्ती इलाकों से निकासी जारी
बाढ़ से जिले की तीन मुख्य तहसीलें—रुदौली, सोहावल और सदर सबसे ज्यादा प्रभावित होती हैं। प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नदी और बंधे के बीच फंसे परिवारों को सुरक्षित निकालकर प्राथमिक बाढ़ शरणालय स्थलों पर पहुंचाना शुरू कर दिया है।
राशन, लंच पैकेट और पशु चारे का प्रबंध
जिलाधिकारी ने आश्वस्त किया कि संभावित खतरे को देखते हुए तैयारियां पहले से ही पूरी कर ली गई थीं। इससे पूर्व भी जब दो बार सरयू डेंजर लेवल (खतरे के निशान) तक पहुंची थी, तब सभी आवश्यक व्यवस्थाएं कराई गई थीं। इस बार भी शरणालयों में रह रहे लोगों के लिए भोजन, शुद्ध पेयजल, राशन किट और मवेशियों के लिए चारे के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।
अब तक कोई शिकायत नहीं
प्रशासन की टीमें 24 घंटे स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। डीएम ने बताया कि माननीय जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी लगातार प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर जायजा ले रहे हैं। फिलहाल कहीं से भी किसी तरह की अव्यवस्था या शिकायत सामने नहीं आई है। एक से दो दिनों में जलस्तर घटने के साथ ही जनजीवन वापस पटरी पर लौटने की उम्मीद है।



