औरैया में बकरियों की लूट-चोरी की घटनाओं का पुलिस ने किया खुलासा, दो शातिर गिरफ्तार
उप्र के औरैया जनपद में बकरियों की लूट एवं चोरी की लगातार सामने आ रही घटनाओं का जनपद पुलिस ने सफल अनावरण करते हुए दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।
औरैया से अरुण वाजपेयी की रिपोर्ट
औरैया/जनमत न्यूज़। उप्र के औरैया जनपद में बकरियों की लूट एवं चोरी की लगातार सामने आ रही घटनाओं का जनपद पुलिस ने सफल अनावरण करते हुए दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।
थाना कोतवाली औरैया, एसओजी और सर्विलांस की संयुक्त पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपियों के कब्जे से लूटी गई तीन बकरियां, दो अवैध तमंचे, चार जिंदा कारतूस, दो मोबाइल फोन तथा वारदात में प्रयुक्त बिना नंबर प्लेट की ऑरा कार बरामद की है।
पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने बकरियों को चोरी व तमंचे के बल पर छीनने की घटनाओं में शामिल होने की बात स्वीकार की है।
पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई अपर पुलिस महानिदेशक कानपुर जोन और पुलिस उपमहानिरीक्षक कानपुर परिक्षेत्र के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक औरैया के निर्देशन में की गई।
अपर पुलिस अधीक्षक औरैया तथा क्षेत्राधिकारी नगर के कुशल पर्यवेक्षण में गठित पुलिस टीमों ने घटनाओं के शीघ्र अनावरण के लिए लगातार प्रयास किए।
एक्सप्रेस-वे के आसपास चराई जा रही बकरियों को बनाते थे निशाना
पुलिस के मुताबिक 19 अगस्त 2026 को थाना अयाना क्षेत्र के ग्राम दासपुर निवासी प्रदीप कुमार अपनी बकरियां बुन्देलखण्ड एक्सप्रेस-वे की पुलिया संख्या 239 के पास चरा रहे थे। इसी दौरान ऑरा कार में सवार तीन-चार अज्ञात लोग वहां पहुंचे और उनकी छह बकरियों को पकड़कर कार में लाद लिया। इसके बाद आरोपी जालौन की ओर फरार हो गए।
घटना के संबंध में प्रदीप कुमार की तहरीर पर थाना अयाना में मुकदमा अपराध संख्या 96/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया।
इसके अगले दिन 20 अगस्त को थाना कोतवाली औरैया क्षेत्र के नबलपुर निवासी भगीरथ बुन्देलखण्ड एक्सप्रेस-वे के किलोमीटर 243 के किनारे बकरियां चरा रहे थे। इसी दौरान सफेद रंग की कार में सवार तीन अज्ञात लोग वहां पहुंचे।
आरोपियों ने कार रोककर तमंचा दिखाते हुए भगीरथ की तीन बकरियां छीन लीं और उन्हें कार में लादकर जालौन की ओर भाग गए। इस मामले में थाना कोतवाली औरैया में मुकदमा अपराध संख्या 575/2026 धारा 309(4) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
तीन पुलिस टीमों ने शुरू की तलाश
दोनों घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए उच्चाधिकारियों के निर्देश पर घटनाओं के शीघ्र अनावरण के लिए तीन पुलिस टीमों का गठन किया गया। पुलिस टीमों ने घटनास्थल, आने-जाने वाले मार्गों तथा संदिग्ध वाहनों के संबंध में जानकारी जुटाते हुए आरोपियों की तलाश शुरू की।
इसी क्रम में 21 अगस्त की रात नरोत्तमपुर बाईपास नहर पुलिया पर संदिग्ध व्यक्ति एवं वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान करीब 5:17 बजे पुलिस टीम ने एक संदिग्ध ऑरा कार को रोकने का प्रयास किया। पुलिस के अनुसार कार सवार आरोपियों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सोनू उर्फ अमन पुत्र संतोष कुमार, निवासी अनुरुद्धापुर, थाना कुदरकोट, और अमित पुत्र सुखबीर सिंह, निवासी ग्राम नगला खगी, थाना अछल्दा, जनपद औरैया के रूप में हुई है। सोनू की उम्र करीब 25 वर्ष और अमित की उम्र करीब 18 वर्ष बताई गई है।
तीन लूटी गई बकरियां और अवैध हथियार बरामद
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से तीन बकरियां बरामद कीं। इसके अलावा उनके पास से 315 बोर का एक देशी तमंचा और दो जिंदा कारतूस, 12 बोर का एक देशी तमंचा और दो जिंदा कारतूस, दो मोबाइल फोन तथा वारदात में प्रयुक्त बिना नंबर प्लेट की ऑरा कार बरामद की गई।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तारी के दौरान सोनू उर्फ अमन ने भागने का प्रयास किया, जिससे उसके पैर में चोट आ गई। उसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
पूछताछ में सामने आई वारदात की पूरी कहानी
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि 19 अगस्त को उन्होंने बुन्देलखण्ड एक्सप्रेस-वे के पास एक पुलिया पर बकरियां चरा रहे व्यक्ति की छह बकरियों को चोरी कर ऑरा कार में लाद लिया था। इसके बाद वे जालौन की ओर भाग गए और मौका मिलने पर बकरियों को इटावा जनपद के एक व्यक्ति को बेच दिया।
आरोपियों ने पुलिस को बताया कि 20 अगस्त को उन्होंने दोबारा बुन्देलखण्ड एक्सप्रेस-वे के पास बकरियां चरा रहे व्यक्ति को तमंचा दिखाकर उसकी तीन बकरियां छीन लीं और कार में लादकर जालौन की ओर चले गए। घटना के बाद पुलिस से बचने के लिए वे अलग-अलग स्थानों पर छिपते रहे।
पुलिस के अनुसार आरोपी इन बकरियों को बेचने के उद्देश्य से कन्नौज जाने की तैयारी में थे। इसी दौरान नरोत्तमपुर बाईपास पर पुलिस चेकिंग में पकड़े गए।
मुकदमे में बढ़ाई गई धाराएं
पुलिस ने बताया कि बरामदगी और पूछताछ के आधार पर थाना कोतवाली औरैया में दर्ज मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस तथा 3/25 आर्म्स एक्ट की बढ़ोतरी की गई है। दोनों आरोपियों के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
सोनू उर्फ अमन का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास सामने आया है। उसके खिलाफ थाना अछल्दा में वर्ष 2025 में धारा 204, 308(5), 317(2) और 318(4) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज है। दूसरे आरोपी अमित के आपराधिक इतिहास की जानकारी पुलिस द्वारा जुटाई जा रही है।
पुलिस टीम को मिली सफलता
इस कार्रवाई में थाना कोतवाली औरैया के प्रभारी निरीक्षक राजकुमार सिंह, प्रभारी सर्विलांस/एसओजी टीम समित चौधरी, उपनिरीक्षक शिशुपाल सिंह, उपनिरीक्षक मो. शकील खान, उपनिरीक्षक जाकिर हुसैन सहित थाना कोतवाली औरैया पुलिस टीम की भूमिका रही।
पुलिस की इस कार्रवाई से बुन्देलखण्ड एक्सप्रेस-वे के आसपास बकरियों को निशाना बनाकर की जा रही चोरी एवं लूट की घटनाओं के संबंध में महत्वपूर्ण खुलासा हुआ है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ के आधार पर इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों तथा पूर्व में बेची गई बकरियों के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है।







