रायबरेली में 25 हजार का इनामिया बदमाश मुठभेड़ में गिरफ्तार, गंभीर धाराओं में दर्ज हैं दर्जनों मुकदमे

रायबरेली जनपद से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां पुलिस और इनामिया बदमाश के बीच हुई मुठभेड़ में 25 हजार रुपये का इनामी अपराधी गिरफ्तार किया गया है।

रायबरेली में 25 हजार का इनामिया बदमाश मुठभेड़ में गिरफ्तार, गंभीर धाराओं में दर्ज हैं दर्जनों मुकदमे
Published By- Diwaker Mishra

रायबरेली से महताब खान की रिपोर्ट

रायबरेली/जनमत न्यूज़। उप्र के रायबरेली जनपद से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां पुलिस और इनामिया बदमाश के बीच हुई मुठभेड़ में 25 हजार रुपये का इनामी अपराधी गिरफ्तार किया गया है। कोतवाली नगर थाना क्षेत्र में हुई इस कार्रवाई को पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है।

पुलिस ने हत्या के प्रयास समेत कई संगीन मामलों में वांछित और न्यायालय से फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामिया अपराधी नाहर नट उर्फ राहुल पुत्र रमेश उर्फ रामचरन, निवासी चैन का पुरवा मजरा कुम्हदौरा, थाना लालगंज को मुठभेड़ के दौरान दबोच लिया है।

पुलिस के मुताबिक आरोपी नाहर नट बीती 13 नवंबर को जिला कारागार से पेशी के दौरान न्यायालय से फरार हो गया था। इसके बाद कोतवाली नगर थाने में उसके खिलाफ फरारी का अलग से मुकदमा दर्ज किया गया था और तभी से पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई थी।

आज पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि फरार इनामिया अपराधी मटिहा से मछेछर पुल होते हुए भदोखर की ओर जा रहा है। सूचना मिलते ही कोतवाली नगर पुलिस और एसओजी/सर्विलांस टीम ने संयुक्त रूप से इलाके में घेराबंदी की। खुद को पुलिस से घिरता देख आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।

जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली आरोपी के दाहिने पैर में लगी, जिससे वह घायल हो गया और मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। घायल आरोपी को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। मुठभेड़ में किसी भी पुलिसकर्मी के घायल होने की सूचना नहीं है।

पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ पहले से ही हत्या के प्रयास, लूट और अन्य गंभीर धाराओं में दर्जनों मुकदमे दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।