औरैया: जमीन विवाद को लेकर पानी की टंकी पर चढ़ी युवती, कड़ी मशक्कत से पुलिस ने सुरक्षित उतारा नीचे

उप्र के औरैया जनपद के बेला कस्बे के मंडी रोड स्थित पानी की टंकी पर सोमवार दोपहर को एक युवती के चढ़ जाने से हड़कंप मच गया। युवती जमीन विवाद से जुड़े मामले में कार्रवाई और न्याय की मांग को लेकर पानी की टंकी पर चढ़ी थी।

औरैया: जमीन विवाद को लेकर पानी की टंकी पर चढ़ी युवती, कड़ी मशक्कत से पुलिस ने सुरक्षित उतारा नीचे
Published By- Diwaker Mishra

औरैया से अरुण वाजपेयी की रिपोर्ट

औरैया/जनमत न्यूज़। उप्र के औरैया जनपद के बेला कस्बे के मंडी रोड स्थित पानी की टंकी पर सोमवार दोपहर को एक युवती के चढ़ जाने से हड़कंप मच गया। युवती जमीन विवाद से जुड़े मामले में कार्रवाई और न्याय की मांग को लेकर पानी की टंकी पर चढ़ी थी।

सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच गई। करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद युवती को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया। युवती की पहचान रश्मि पुत्री स्वर्गीय सुरेंद्र सिंह निवासी सिमरा पुरवा, थाना बेला, जनपद औरैया के रूप में बताई गई है।

परिजनों के अनुसार, जमीन विवाद से जुड़े मामले में 30 जुलाई को कथित रूप से फर्जी तरीके से बैनामा कराए जाने का आरोप है। इसी मामले में कार्रवाई और न्याय की मांग को लेकर युवती सोमवार को पानी की टंकी पर चढ़ गई।

घटना की जानकारी मिलते ही बेला थाना प्रभारी अनिलेश कुमार यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उपनिरीक्षक बृजभूषण तिवारी समेत पुलिसकर्मियों ने युवती को समझाने का प्रयास किया। वहीं फायर ब्रिगेड की टीम भी मौके पर पहुंची और सुरक्षा व्यवस्था संभालते हुए युवती से नीचे उतरने की अपील की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम बिधूना कमल कुमार सिंह और सीओ बिधूना पुनीत मिश्रा भी मौके पर पहुंचे। महिला थाना प्रभारी पूजा राठौर ने भी युवती से बातचीत कर उसे समझाने का प्रयास किया। अधिकारियों और पुलिसकर्मियों की लगातार समझाइश के बाद युवती नीचे उतरने के लिए तैयार हुई।

करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस और प्रशासनिक टीम ने युवती को सुरक्षित नीचे उतार लिया। नीचे आने के बाद पुलिस अधिकारियों ने युवती से जमीन विवाद और उसकी मांगों के संबंध में जानकारी ली। अधिकारियों ने मामले से जुड़े तथ्यों और शिकायत की जानकारी जुटाने की बात कही।

घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करते हुए मौके पर शांति व्यवस्था बनाए रखी।

बेला थाना प्रभारी अनिलेश कुमार यादव ने बताया कि युवती को समझाकर सुरक्षित नीचे उतार लिया गया है। जमीन विवाद से संबंधित मामले में युवती से जानकारी ली गई है और शिकायत से जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है।