औरैया प्लास्टिक सिटी में एमवीएफ इंडस्ट्रीज का शुभारंभ,डीएम एसपी रहे मौजूद

औरैया जनपद के औद्योगिक विकास के लिए सोमवार का दिन ऐतिहासिक साबित हुआ। मोक्षदा एकादशी के पावन अवसर पर प्लास्टिक सिटी औद्योगिक क्षेत्र में एमवीएफ इंडस्ट्रीज का विधिवत शुभारंभ हुआ.

औरैया प्लास्टिक सिटी में एमवीएफ इंडस्ट्रीज का शुभारंभ,डीएम एसपी रहे मौजूद
Published By- Diwaker Mishra

औरैया से अरुण वाजपेयी की रिपोर्ट

औरैया/जनमत न्यूज़। उप्र के औरैया जनपद के औद्योगिक विकास के लिए सोमवार का दिन ऐतिहासिक साबित हुआ। मोक्षदा एकादशी के पावन अवसर पर प्लास्टिक सिटी औद्योगिक क्षेत्र में एमवीएफ इंडस्ट्रीज का विधिवत शुभारंभ जिलाधिकारी औरैया इंद्रमणि त्रिपाठी और पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती ने संयुक्त रूप से किया। धार्मिक अनुष्ठानों अखंड रामायण पाठ, हवन एवं यज्ञ आहुतियों के बीचउद्योगका आरंभ वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ सम्पन्न हुआ।

उद्घाटन के दौरान जिलाधिकारी और एसपी ने शिलापट का अनावरण किया। जिसके साथ ही प्लास्टिक सिटी में उद्योग स्थापना का वर्षों पुराना सपना साकार हो गया। करीब दो दशक पूर्व शुरू हुई इस परियोजना को बीच में कई बार बाधाओं का सामना करना पड़ा था, लेकिन प्रशासनिक प्रयासों ने इसमें नई ऊर्जा का संचार करते हुए प्रथम चरण में दो औद्योगिक इकाइयों को प्रारंभ कराने का मार्ग प्रशस्त किया।

शिलापट अनावरण के बाद जिलाधिकारी डा. इंद्रमणि त्रिपाठी ने कहा कि आज का दिन औरैया के औद्योगिक भविष्य के लिए मील का पत्थर है। अब इस क्षेत्र में तेज़ी से निवेश बढ़ेगा, नई इकाइयां स्थापित होंगी और युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर मिलेंगे। इससे क्षेत्र की आर्थिक स्थिति अधिक मजबूत होगी। जल्द ही प्लास्टिक सिटी के बुनियादी ढांचे को और बेहतर कर शेष इकाइयों को भी संचालन हेतु प्रोत्साहित किया जाएगा।

फैक्ट्री के स्वामियों सुशील दुबे और गौरव दुबे ने जिलाधिकारी व एसपी का स्वागत कर प्रशासन के सहयोग के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन की सकारात्मक भूमिका और उद्योगों को बढ़ावा देने की पहल के कारण उद्यमियों का उत्साह बढ़ा है और औद्योगिक माहौल बेहतर हुआ है। उद्घाटन कार्यक्रम में सेहुदधाम के महंत रामप्रियदास, धीरज शुक्ला, आशुतोष दुबे एडवोकेट, बृज किशोर त्रिपाठी प्रदेश आदि रहे।