अयोध्या: पैसे के लेनदेन को लेकर दो सगे भाइयों पर जानलेवा हमला, दोनों गंभीर रूप से घायल
उप्र के अयोध्या जनपद के रौनाही थाना क्षेत्र में 50 हजार रुपये के लेनदेन को लेकर दो भाइयों पर जानलेवा हमले का मामला सामने आया है।मामला ग्राम भरथूपुर, मौजा देवराकोट का है।
अयोध्या से आज़म खान की रिपोर्ट
अयोध्या/जनमत न्यूज़। उप्र के अयोध्या जनपद के रौनाही थाना क्षेत्र में 50 हजार रुपये के लेनदेन को लेकर दो भाइयों पर जानलेवा हमले का मामला सामने आया है।मामला ग्राम भरथूपुर, मौजा देवराकोट का है।
पीड़ित समर बहादुर सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया है कि उसने वर्ष 2020 में अपने गांव दिगम्बरपुर के अमृतलाल उर्फ अमिल लाल वर्मा को 50 हजार रुपये उधार दिए थे। आरोप है कि रुपये मांगने पर वह टाल-मटोल कर रहा था, जिसको लेकर एक दिन पहले फोन पर दोनों पक्षों में विवाद भी हुआ था।
वही परिजन अनंत बहादुर सिंह का आरोप है कि अगले दिन सुबह जब समर बहादुर सिंह और उनका छोटा भाई दिवेश कुमार सिंह मुबारकगंज चौराहे पर आ रहे थे, तभी पहले से घात लगाए बैठे 8 से 10 लोगों ने फरसा, लाठी-डंडा और धारदार हथियार से उन पर हमला कर दिया। हमले में दोनों भाई गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सोहावल ले जाया गया, जहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। परिजनों का आरोप है कि आरोपी पक्ष के लोग असलहा लेकर जिला अस्पताल तक पीछा करते हुए आ गए और पीड़ित की बोलेरो के पास ही खड़े होकर धमकाने लगे।
सूचना पर पहुंची 112 पुलिस ने मौके से दो लोगों को पकड़ा, जबकि दो आरोपी भाग गए। पकड़े गए आरोपियों में ध्रुव वर्मा और अमिल लाल वर्मा शामिल हैं। पुलिस ने इस मामले में 307, 308 समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
परिजनों ने आरोप लगाया है कि आरोपी ध्रुव वर्मा और अमिल लाल वर्मा पर पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं और वे गैंगस्टर हैं। परिवार ने अधिकारियों से निष्पक्ष जांच और फरार आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।




