बहराइच: हत्या एवं दुष्कर्म का आरोपी पुलिस मुठभेड़ में पैर में गोली लगने से घायल, अस्पताल में भर्ती

उप्र की बहराइच पुलिस ने हत्या एवं दुष्कर्म के आरोपी को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया है। पुलिस एवं आरोपी के बीच हुई जबरदस्त फायरिंग में आरोपी के पैर में गोली लगी है।

बहराइच: हत्या एवं दुष्कर्म का आरोपी पुलिस मुठभेड़ में पैर में गोली लगने से घायल, अस्पताल में भर्ती

बहराइच से रिजवान खान की रिपोर्ट

बहराइच /जनमत न्यूज़। उप्र की बहराइच पुलिस ने हत्या एवं दुष्कर्म के आरोपी को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया है। पुलिस एवं आरोपी के बीच हुई जबरदस्त फायरिंग में आरोपी के पैर में गोली लगी है। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया और प्राथमिक उपचार के लिए बहराइच मेडिकल कॉलेज में भर्ती किया गया है।

जानकारे के अनुसार 2 दिन पहले कक्षा तीन में पढ़ने वाली छात्रा के साथ दुष्कर्म कर गला दबाकर हत्या कर दी गयी थी। इस मामले में पुलिस ने अरुण नाम के एक आरोपी को गिरफ्तार किया था। देर शाम आरोपी पुलिस की हिरासत से फरार हुआ था जिसको तलाशने के लिए पुलिस की तीन टीमें लगातार प्रयासरत थी।

इसी बीच मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर खैरी घाट थाना क्षेत्र के इमामगंज के पास सोहबतिया मोड़ पर आरोपी को पुलिस ने घेर लिया और सरेंडर करने को कहा लेकिन आरोपी ने सरेंडर ना करते हुए पुलिस के ऊपर अवैध असलहे से फायरिंग कर दी।

पुलिस के द्वारा की गई जवाबी फायरिंग में आरोपी अरुण के पैर में गोली लगी और वह गिरफ्तार कर लिया गया। फिलहाल आरोपी अरुण को मेडिकल कॉलेज में इलाज के लिए भर्ती करवाया गया है और आगे की जांच पड़ताल की जा रही है।

एसपी विश्वजीत श्रीवास्तव ने बताया कि फिलहाल आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। आगे उससे पूछताछ की जा रही है कि मासूम बच्ची की हत्या के पीछे की वजह क्या थी।