पीलीभीत की बिलसंडा पुलिस के व्यवहार को लेकर भाकियू में आक्रोश, किसानों ने किया थाने का घेराव
उप्र के पीलीभीत जनपद के थाना बिलसंडा पुलिस के कथित व्यवहार और किसानों व किसान संगठन के पदाधिकारियों के साथ सही तरीके से पेश न आने को लेकर भारतीय किसान यूनियन (भानु) का आक्रोश गुरुवार को सड़क पर दिखाई दिया।
पीलीभीत से प्रेम पाठक की रिपोर्ट
पीलीभीत/जनमत न्यूज़। उप्र के पीलीभीत जनपद के थाना बिलसंडा पुलिस के कथित व्यवहार और किसानों व किसान संगठन के पदाधिकारियों के साथ सही तरीके से पेश न आने को लेकर भारतीय किसान यूनियन (भानु) का आक्रोश गुरुवार को सड़क पर दिखाई दिया।
जिला अध्यक्ष भजनलाल क्रोधी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में किसान और संगठन के पदाधिकारी ब्लॉक से पैदल मार्च करते हुए थाना बिलसंडा पहुंचे और थाने का घेराव किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी की। थाने के गेट पर पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई।
ज्ञापन में लगाए गंभीर आरोप
संगठन की ओर से पुलिस के कथित व्यवहार और विभिन्न मामलों में कार्रवाई को लेकर क्षेत्राधिकारी बीसलपुर को ज्ञापन भी सौंपा गया।
संगठन का कहना है कि शिकायत के बावजूद तीन आरोपियों के बजाय केवल एक के खिलाफ कार्रवाई की गई। वहीं थाना बिलसंडा में तैनात दीवान आलोक वर्मा पर भाकियू कार्यकर्ताओं को हरा गमछा और संगठन का बिल्ला लगाने को लेकर कथित रूप से परेशान करने का आरोप लगाया गया।
भाकियू ने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराकर आवश्यक कार्रवाई तथा किसानों एवं संगठन के पदाधिकारियों के साथ सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित किए जाने की मांग की है।
प्रदर्शन में वरिष्ठ मंडल उपाध्यक्ष सचित दीक्षित, बिलसंडा ब्लॉक अध्यक्ष राकेश प्रताप यादव, हिमांशु, अनिल, दीपक पंडित समेत बड़ी संख्या में संगठन के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।



