बलरामपुर: दो अलग अलग थाना क्षेत्रों में कब्र से निकलवाया गया शव, जताई गई हत्या की आशंका

उप्र के बलरामपुर जनपद के कोतवाली देहात थाना क्षेत्र में करीब चार माह पहले संदिग्ध परिस्थितियों में हुई 40 वर्षीय राजेश शिल्पकार की मौत के मामले में मंगलवार को पुलिस ने कब्र से शव निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

बलरामपुर: दो अलग अलग थाना क्षेत्रों में कब्र से निकलवाया गया शव, जताई गई हत्या की आशंका
Published By- Diwaker Mishra

बलरामपुर से गुलाम नबी कुरैशी की रिपोर्ट  

बलरामपुर/जनमत न्यूज़। उप्र के बलरामपुर जनपद के कोतवाली देहात थाना क्षेत्र में करीब चार माह पहले संदिग्ध परिस्थितियों में हुई 40 वर्षीय राजेश शिल्पकार की मौत के मामले में मंगलवार को पुलिस ने कब्र से शव निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

मृतक की मां लखराजी उर्फ दुरुपता ने बेटे की हत्या किए जाने की आशंका जताते हुए न्यायालय में वाद दायर कर मामले की जांच की मांग की थी। न्यायालय के आदेश के बाद प्रशासन और पुलिस की मौजूदगी में यह कार्रवाई की गई।

महराजगंज तराई थाना क्षेत्र के ग्राम रमईडीह निवासी लखराजी उर्फ दुरुपता ने बताया कि उनका पुत्र राजेश शिल्पकार बलरामपुर कोतवाली देहात क्षेत्र की काशीराम आवास कॉलोनी में रहता था।

उसके साथ कुछ रिश्तेदार भी रहते थे। आरोप है कि 1 अप्रैल 2026 की रात राजेश की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। इसके बाद रिश्तेदार शव को पैतृक गांव रमईडीह लेकर पहुंचे, जहां उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया।

मृतक की मां को घटना की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने बेटे की मौत को लेकर आशंका जताई। उनका कहना था कि राजेश की मौत की परिस्थितियां स्पष्ट नहीं हैं और मामले की गंभीरता से जांच होनी चाहिए। इसके बाद उन्होंने न्यायालय का दरवाजा खटखटाया और शव को कब्र से निकलवाकर पोस्टमार्टम कराने की मांग की।

न्यायालय के आदेश पर मंगलवार दोपहर प्रशासन और पुलिस की टीम गांव पहुंची। उप जिलाधिकारी बलरामपुर सदर संजय यादव, क्षेत्राधिकारी डीके श्रीवास्तव और थाना प्रभारी संतोष कुमार तिवारी के नेतृत्व में पुलिस ने कब्र से शव निकलवाया। आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

थाना प्रभारी संतोष कुमार तिवारी ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर शव कब्र से निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।

वहीं दूसरी घटना थाना कोतवाली उतरौला के शाहजहानी शाह दरगाह के कब्रिस्तान का है जहां भुरकुंडा निवासनी 15 वर्षीय लड़की की 8 दिन पहले संदिग्ध हालात में मौत हो गई थी 8 दिन के बाद डीएम के आदेश पर कब्र से शव निकाला गया और पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।

उपजिलाधिकारी उतरौला, तहसीलदार उतरौला तथा कोतवाल उतरौला की मौजूदगी में पुलिस टीम द्वारा कब्रिस्तान पहुंचकर परिजनों की मौजूदगी में किशोरी के शव को कब्र से बाहर निकलवाया गया।

आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है। रिपोर्ट में मृत्यु का वास्तविक कारण स्पष्ट होने के बाद पुलिस द्वारा मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।