बलरामपुर: कोडीन कफ सीरप के अवैध भंडारण व बिक्री मामले में दो वांछित गिरफ्तार, लंबे समय से थे फरार
उप्र के बलरामपुर जनपद के थाना तुलसीपुर पुलिस ने कोडीन कफ सीरप के भंडारण एवं अवैध बिक्री से जुड़े मुकदमों में लंबे समय से फरार चल रहे दो वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।
बलरामपुर से गुलाम नबी कुरैशी की रिपोर्ट
बलरामपुर/जनमत न्यूज़। उप्र के बलरामपुर जनपद के थाना तुलसीपुर पुलिस ने कोडीन कफ सीरप के भंडारण एवं अवैध बिक्री से जुड़े मुकदमों में लंबे समय से फरार चल रहे दो वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। दोनों अभियुक्तों के खिलाफ न्यायालय से गैरजमानती वारंट और धारा 82 सीआरपीसी की कार्रवाई भी जारी हो चुकी थी।
पुलिस के अनुसार, 19 नवंबर 2025 को औषधि निरीक्षक गोण्डा एवं अतिरिक्त प्रभार जनपद बलरामपुर सुमित कुमार वर्मा की तहरीर पर कोडीन कफ सीरप की बिक्री के बिल उपलब्ध न कराने तथा विक्रय अनुज्ञप्ति के कथित दुरुपयोग के मामले में थाना तुलसीपुर में दो मुकदमे दर्ज किए गए थे।
इनमें मुकदमा अपराध संख्या 243/2025 और 244/2025 के तहत धारा 318(4) बीएनएस, औषधि एवं प्रसाधन अधिनियम की संबंधित धाराओं तथा एनडीपीएस एक्ट की धाराओं में कार्रवाई की गई थी।
पुलिस अधीक्षक बलरामपुर विकास कुमार के निर्देश पर वांछित एवं वारंटी अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पाण्डेय एवं क्षेत्राधिकारी तुलसीपुर अभय प्रताप मल्ल के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक सुधीर कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई की।
पुलिस टीम ने मुकदमा अपराध संख्या 243/2025 में वांछित चन्द्रमोहन गुप्ता पुत्र शिवकुमार गुप्ता निवासी ओड़ाझार कलां, थाना तुलसीपुर को ग्राम ओड़ाझार कलां के पास से गिरफ्तार किया।
वहीं मुकदमा अपराध संख्या 244/2025 में वांछित नियाज अहमद पुत्र मोहम्मद इदरीश निवासी रमवापुर लक्ष्मनपुर, थाना तुलसीपुर को कलश चौराहे से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के मुताबिक दोनों अभियुक्त काफी समय से फरार चल रहे थे और विवेचना के दौरान 1 फरवरी 2026 को उनके नाम प्रकाश में आए थे। गिरफ्तारी के बाद दोनों अभियुक्तों को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक विरेन्द्र प्रसाद पाल, हेड कांस्टेबल अमित कुमार और कांस्टेबल अभिषेक सिंह शामिल रहे।




